उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बीते शुक्रवार को हुई हिंसा का मास्टरमाइंड जावेद मोहम्मद उर्फ़ पंप गिरफ्तार है। लेकिन अब पंप की बेटी ने अपने ट्विटर के बायो में रहने की जगह एक ऐसा शब्द जोड़ दिया है जिससे जांच एजेंसियां अब जांच में जुट गईं हैं। दरअसल पंप की बेटी आफरीन फातिमा ने ट्विटर पर अपने बायो में हिंदुस्तान की जगह लिंचिस्तान लिख दिया है और जांच एजेंसियां जांच में जुट गई हैं।
आफरीन फातिमा मई 2018 से ट्विटर पर सक्रिय हैं और उनपर ट्विटर के जरिए हिंदुस्तान को लिंचिस्तान कहने का आरोप लग रहा है। आफरीन फातिमा काफी पहले से मोदी सरकार की विरोधी मानी जाती हैं और उन्होंने कई आंदोलनों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया है। जब देश में सीएए और एनआरसी का आन्दोलन चल रहा था, उस वक्त भी आफरीन फातिमा ने सरकार का विरोध किया था और मोदी सरकार को मुस्लिम विरोधी बताया था।
आफरीन फातिमा जावेद अहमद पंप की बड़ी बेटी हैं और उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी और जेएनयू से शिक्षा हासिल की है। आफरीन फातिमा को शरजील इमाम का करीबी भी बताया जाता है। आफरीन अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में महिला कॉलेज की अध्यक्ष भी रही चुकी हैं और छात्र राजनीति में सक्रिय भी रहीं।
बीते शुक्रवार को हिंसा के बाद रात को ही आफरीन फातिमा के पिता जावेद पंप को पुलिस ने गिरफ्तार किया था और पुलिस ने जावेद को प्रयागराज हिंसा का मास्टरमाइंड बताया है। अपने पिता की गिरफ़्तारी के बाद आफरीन ने एक वीडियो सन्देश के माध्यम से कहा था, “पुलिस बिना किसी वारंट के और बिना नोटिस के मेरे पिता को लेकर गई है और पुलिस ने ये जानकारी भी नहीं दी कि वे उन्हें कहां लेकर जा रहे हैं।
ट्विटर पर अपने बायो में हिंदुस्तान की जगह लिंचिस्तान लिखने पर सोशल मीडिया पर आफरीन फातिमा को लोग टारगेट कर रहे हैं और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बता दें कि प्रयागराज में हिंसा के बाद आफरीन फातिमा का घर बुलडोजर से ढहा दिया गया और विपक्ष इस कार्रवाई की निंदा कर रहा है। वहीं प्रशासन ने कहा है कि बुलडोजर कार्रवाई का हिंसा से कोई लेना देना नहीं है।