उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद से ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही है। समाजवादी पार्टी के सहयोगी ओमप्रकाश राजभर लगातार अखिलेश यादव पर निशाना साध रहे हैं और गठबंधन टूटने के कगार पर है। वहीं सपा से नाता तोड़ चुके महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने अखिलेश की राजनीतिक समझ पर सवाल खड़े किए हैं।

सपा-सुभासपा के बीच जारी दरार को लेकर केशव देव मौर्य ने एक समाचार चैनल से बात करते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने एबीपी न्यूज़ से बात करते हुए कहा, “अखिलेश यादव को राजनीति की ABCD नहीं आती है। उन्हें रिश्ते निभाना नहीं आता है। अखिलेश यादव को अच्छे लोग पसंद नहीं हैं। अखिलेश यादव द्वारा जल्दबाजी में फैसले लेना, उनके लिए नुकसानदायक है।”

बता दें कि पिछले महीने ही महान दल और सपा के बीच गठबंधन टूट गया था। महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने अखिलेश यादव पर उपेक्षा का आरोप लगाया था। केशव देव मौर्य, स्वामी प्रसाद मौर्य के सपा में शामिल होने और अधिक तरजीह न दिए जाने से नाराज चल रहे थे। वहीं केशव देव से सपा नेता उदयवीर सिंह ने अपनी गाड़ी वापस ले ली थी, जो उन्होंने सपा की ओर से प्रचार करने के लिए दी थी। इसके बाद विवाद और बढ़ गया था।

बता दें कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर, अखिलेश यादव से नाराज चल रहे हैं और लगातार उन पर निशाना साध रहे हैं। आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में हार के बाद उन्होंने कहा था कि अगर अखिलेश यादव एसी कमरों से बाहर निकले होते और प्रचार में गए होते, तो आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी जीत जाती।

वहीं आज ओम प्रकाश राजभर ने मऊ में पार्टी के नेताओं की समीक्षा बैठक बुलाई है। गठबंधन को लेकर भी ओपी राजभर बड़ा ऐलान कर सकते हैं।योगी सरकार में मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता दयाशंकर सिंह से भी ओपी राजभर मिलते रहते हैं और उनकी हर एक मुलाकात के बाद यह कयास लगाए जाते हैं कि वह भाजपा के साथ जाने वाले हैं।