उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में खाप नेता ने हिदायत दी है कि मर्द हाफ पैंट में बाज़ार या अन्य सार्वजनिक जगहों पर ना जाएं। न्यूज एजेंसी ‘ANI’ के मुताबिक खाप पंचायत के नेता नरेश टिकैत ने कहा है कि ‘बुजुर्गों ने तय किया है कि बाजार और अन्य सार्वजनिक जगहों पर मर्दों का हाफ पैंट में जाना अप्रिय है..हम इसे हुक्म नहीं कह सकते…यह एक सुझाव है…सिर्फ लड़कियों पर ऐसी पाबंदियां लगाना कोई हल नहीं है।’
आप विधायक नरेश कुमार के भाई की शोक सभा में जाते हुए बागपत में हाइवे स्थित रेस्टोरेंट में पत्रकारों से बातचीत में नरेश टिकैत ने कहा कि पिछले दिनों सामाजिक जागरूकता के तहत बेटियों से जींस नहीं पहनने का आह्वान किया था। जिस पर करीब 80 फीसदी बेटियों ने बात को मान लिया था। इसी तरह अब लड़कों को जागरूक किया जा रहा है। सार्वजनिक तौर पर हाफ पैंट का पहनावा भी शालीन नहीं है। लड़के भी समझ रहे हैं और पहनावे में धीरे-धीरे बदलाव होगा।
नरेश टिकैत ने फरीदाबाद के चर्चित निकिता हत्याकांड पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि ‘लड़कियों के साथ छेड़छाड़ के बाद हत्या कर दी जाती है…अपराधी और मनचले सड़कों पर बेखौफ होकर घूमते हैं। छेड़छाड़ के आरोपियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए।’ उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और लव जिहाद के नाम पर हत्या करने वालों को तुरंत फांसी दी जानी चाहिए।
आपको याद दिला के बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत इसी साल अगस्त के महीने में उस वक्त भी चर्चा में आए थे जब उन्होंने अयोध्या में प्रस्तावित राम मंदिर शिलान्यास के कार्यक्रम में उनके वंशज होने के नाते आमंत्रित किया जाने की उम्मीद जताई थी। उन्होंने कहा था कि ‘हम राम के वंशज रघुवंशी हैं।
इतिहास में इस बात के प्रमाण मिलते हैं 17 वी शताब्दी में जब राम जन्मभूमि स्थल पर चबूतरा बनवाया गया था तब राजा मानसिंह व टिकैत परिवार के वंशज टिकैत राय के प्रयत्न से ही जन्मभूमि मंदिर का निर्माण कराया गया था। बालियान खाप का गोत्र रघुवंशी है। रघुवंशी मूल रूप से रघुकुल वंश के है। रघुकुल वंश भगवान राम के वंशजों को ही कहा जाता है।’