Ghaziabad By Elections: चुनाव आयोग ने गाजियाबाद विधानसभा सहित उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। गाजियाबाद विधानसभा सीट पर 13 नवंबर 2024 को वोट डाले जाएंगे। मतों की गिनती 23 नवंबर को की जाएगी। गाजियाबाद विधानसभा सीट अतुल गर्ग के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। अतुल गर्ग लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी के प्रत्याशी थे। उन्होंने 3,36,965 वोटों से चुनाव जीतने के बाद विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था।
गाजियाबाद सीट पर कौन-कौन प्रत्याशी? – गाजियाबाद विधानसभा सीट पर अभी तक बीजेपी और सपा-कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी का ऐलान नहीं किया है। माना जा रहा है कि सपा गाजियाबाद विधानसभा सीट कांग्रेस पार्टी को दे सकती है। बीजेपी में गाजियाबाद विधानसभा सीट से उपचुनाव के लिए टिकट की मांग कर रहे नेताओं की लिस्ट लंबी है। चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी ने गाजियाबाद विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए सतपाल चौधरी जबकि बहुजन समाज पार्टी ने पीएम गर्ग को चुनाव मैदान में उतारा है।
बीजेपी का गढ़ है गाजियाबाद विधानसभा सीट
गाजियाबाद विधानसभा सीट को बीजेपी का गढ़ माना जाता है। पिछले तीन चुनावों (परिसीमन के बाद) में से दो विधानसभा चुनावों में यहां बीजेपी के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है जबकि एक चुनाव में बीएसपी प्रत्याशी को सफलता मिली थी। परिसीमन से पहले भी गाजियाबाद विधानसभा सीट पर बीजेपी का डंका बजता रहता है। साल 2002 के विधानसभा चुनाव को अगर अपवाद मान लिया जाए तो गाजियाबाद में साल 1991 से 2007 हुए हर इलेक्शन में बीजेपी प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। साल 2002 में यहां कांग्रेस के सुरेंद्र गोयल ने जीत दर्ज की। उनके इस्तीफे के बाद हुए उपचुनाव में गाजियाबाद सीट पर पहली बार सपा की साइकिल ने रफ्तार भरी और सुरेंद्र मुन्नी चुनाव जीते।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 20 नवंबर को डाले जाएंगे वोट, 23 को परिणाम
गाजियाबाद विधानसभा चुनाव परिणाम 2022
गाजियाबाद में साल 2022 विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज की थी। बीजेपी के प्रत्याशी अतुल गर्ग ने यहां एक लाख से ज्यादा वोटों से सपा के विशाल वर्मा को हराया था। इस सीट पर सपा, कांग्रेस और बसपा प्रत्याशी के वोट जोड़ भी दिए जाएं तो भी बीजेपी को मिले वोटों की संख्या काफी ज्यादा थी।
पार्टी | प्रत्याशी | वोट |
बीजेपी | अतुल गर्ग | 1,50,205 |
सपा | विशाल वर्मा | 44,668 |
बीएसपी | कृष्ण कुमार | 32,691 |
कांग्रेस | सुशांत गोयल | 11,818 |
गाजियाबाद विधानसभा चुनाव परिणाम 2017
पार्टी | प्रत्याशी | वोट |
बीजेपी | अतुल गर्ग | 1,24,201 |
बीएसपी | सुरेश बंसल | 53,696 |
कांग्रेस | केके शर्मा | 39,648 |
निर्दलीय | धीरेंद्र | 2136 |
गाजियाबाद विधानसभा चुनाव परिणाम 2012
गाजियाबाद विधानसभा चुनाव 2012 में बसपा ने जीत हासिल की थी। इस चुनाव में गाजियाबाद की सभी पांच सीटों पर बसपा ने जीत दर्ज की थी जबकि प्रदेश में सपा की सरकार का गठन हुआ था। 2012 में गाजियाबाद में बसपा के सुरेश बंसल को सबसे ज्यादा 64,485 वोट मिले थे। बीजेपी के अतुल गर्ग को 52,364 वोट प्राप्त हुए थे जबकि तीसरे नंबर पर रहे कांग्रेस के सुरेंद्र गोयल को 37,159 वोटों से संतोष करना पड़ा था। इस चुनाव में सपा के पवन शर्मा 17,155 वोटों के साथ चौथे नंबर पर रहे थे।
इससे पहले साल गाजियाबाद विधानसभा सीट पर साल 2007 में बीजेपी के सुनील शर्मा (अब साहिबाबाद विधानसभा सीट से विधायक), साल 2002 में कांग्रेस के सुरेंद्र गोयल (2004 में सांसद बनने पर इस्तीफा दिया) ने चुनाव जीता था। इन चुनावों से पहले बीजेपी के बालेश्वर त्यागी ने साल 1991, 1993 और 1996 में लगातार तीन बार विधानसभा चुनाव जीते थे।