उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर हमला करने की खबर है। बताया जा रहा है कि यहां घूरपूर के इरादतनगंज में बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस पर पत्थर बरसाए गए, यही नहीं इस दौरान फायरिंग भी की गई। इस हमले में दरोगा समेत दो पुलिसवाले बुरी तरह घायल हो गए। इस हमले में उनका सिर तक फूट गया। घटना शुक्रवार ( 7 जून) रात की बताई जा रही है। फिलहाल फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
दरोगा के घर छिपकर रहता थाः पुलिस ने बताया कि कुख्यात बदमाश अशोक कोल इरादतगंज फ्लाईओवर में रिटायर दरोगा एसपी सिंह के घर में अपने साथियों के साथ छिपकर किराए पर रहता था। पुलिस को काफी समय से उसकी तलाश थी। कुछ समय पहले पुलिस को अशोक कोल के अपने साथियों के साथ एक घर में छिपे होने के बारे में पता चला। मुखबिर की सूचना पर उन्हें पता चला कि बदमाश जसरा स्थित एक कपड़े की दुकान पर मौजूद है। जैसै ही बदमाश अशोक ने पुलिस को देखा तो वह भागने लगा इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। इसके बाद बदमाश रिटायर दरोगा के घर में जाकर छिप गया। पुलिस ने घर को चारों तरफ से घेर लिया और घर के अंदर घुसने की कोशिश की। इस दौरान घर में मौजूद बदमाशों और उसके साथियों ने पुलिस वालों पर पत्थरों से हमला किया और फायरिंग की, जिसमें एसएसआई अर्जुन और दो लोग घायल हो गए।
National Hindi News, 8 JUNE 2019 LIVE Updates: दिनभर की खबरें जानने के लिए यहां क्लिक करें
लूट का सामान किया बरामदः फायरिंग के बाद मौका पाते ही बदमाश अपने साथियों संग फरार हो गया। पुलिस ने जब पूरे मकान की तलाशी ली तो उन्होंने 10 कारतूस, 8 एटीएम कार्ड, एक कैमरा और एक बाइक बरामद किया। पुलिस ने बताया कि कुछ दिनों पहले इन बदमाशों ने बारा इलाके में चोरी की एक घटना को अंजाम दिया था यह सब सामान उसी लूट का है। इसके बाद पुलिस ने मकान मालिक दरोगा के बेटे को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि बदमाशों का पता लगाने की कोशिश जारी है।