तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन जारी है। कई विपक्षी पार्टियां लगातार किसानों का समर्थन कर रही हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में भी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने किसानों के समर्थन में धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के दौरान एक दिलचस्प वाकया यह हुआ कि कांग्रेस के कार्यकर्ता जब प्रदर्शन कर रहे थे तब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक नेता ने उन्हें चाय ऑफर किया और फिर उनका धरना खत्म हो गया।

इस पूरी घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है। कहा जा रहा है कि इटावा में रविवार को कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने सदर सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सरिता भदौरिया के आवास का घेराव किया। वीडियो में नजर आ रहा है कि कांग्रेसी कार्यकर्ता यहां प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहे हैं। लेकिन कुछ ही देर बाद यहीं कार्यकर्ता भाजपा विधायक के साथ चाय पीते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को देखने के बाद भाजपा विधायक अपने आवास से बाहर आईं। उनके बाहर आते ही कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की नारेबाजी खत्म हो गई। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा नेता को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद सरिता भदौरिया ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को चाय ऑफर किया तो यह प्रदर्शन महज 10 मिनट के अंदर खत्म हो गया। विधायक के साथ कांग्रेस के कार्यकर्ता चाय की चुस्की लेने लगे।

विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि किसान आंदोलन फ्लॉप हो चुका है। कांग्रेस एवं सपा किसानों को बरगलाने का काम कर रही हैं। वहीं, विधायक की चाय पीने वाली बात पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मलखान सिंह यादव ने सफाई देते हुए कहा कि ‘हमारा धरना समाप्त हो गया था। उसके बाद हम लोग विधायक के साथ बैठे थे।’

शहर में नगर पालिका परिसर स्थित कांग्रेस कार्यालय से रविवार को जिलाध्यक्ष मलखान सिंह यादव ने कृषि बिलों के खिलाफ मार्च निकाला था। यह मार्च बाजार से होते हुए सदर विधायक सरिता भदौरिया के आवास पर आकर समाप्त हुआ। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर विधायक के आवास के बाहर पुलिस फोर्स, सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर, सीओ सिटी आदि मौजूद थे।