पूरा देश होली मना रहा है और रंग में रंगा हुआ है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भी जमकर होली खेली जा रही है। खुद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में होली खेल रहे हैं। योगी आदित्यनाथ नरसिंह भगवान की शोभा यात्रा में शामिल हुए और गोरखपुरवासियों के साथ जमकर होली खेली। इस दौरान योगी आदित्यनाथ का देसी अंदाज लोगों को खूब पसंद आया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने यात्रा के दौरान सिर पर पगड़ी और काला चश्मा भी लगाया हुआ था।
जमीन पर बैठकर लिया ‘फाग’ का आनंद
इसके बाद गोरखनाथ मंदिर परिसर में ‘फाग’ का आयोजन किया गया, जिसका वीडियो खुद योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर शेयर किया। फाग आयोजन के दौरान योगी आदित्यनाथ लोगों के बीच में मौजूद हैं और खुद जमीन पर बैठकर फाग आनंद ले रहे हैं। फाग होली के पर्व पर एक प्रकार का गीत होता है, जिसे गाया जाता है। इसका आयोजन होली के मौके पर उत्तर प्रदेश और बिहार में अधिक होता है।
होली के मौके पर सीएम योगी ने कहा कि यह मतभेद को समाप्त करने वाला पर्व है। उन्होंने कहा, “होली का पर्व सनातन एकता का संदेश देने वाला पर्व है। होली मतभेद खत्म करने वाला पर्व है। होली का पर्व एकता का संदेश वाहक है। सनातन धर्म लोगों को एक होने का संदेश देती है। हमारी आस्था का प्रतीक सनातन की खूबसूरती है। सनातन धर्म की भव्य संस्कृति को भव्य और दिव्य महाकुंभ के जरिए दुनिया ने देखा है। महाकुंभ मेला में 66 करोड़ लोगों ने पवित्र संगम में डुबकी लगाई। होली मतभेद खत्म करने का पर्व है।”
‘कोसने वालों को प्रयागराज में सनातन की ताकत दिखी’, सीएम योगी बोले- अनोखा नजारा देखकर दुनिया हैरान
विपक्षी दलों पर साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। महाकुंभ आयोजन पर सवाल उठाने वालों को लेकर सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोग सनातन को कोसते हैं। उन्होंने कहा कि कोसने वालों ने सनातन की ताकत महाकुंभ में देखी है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमें अखंड और विकसित भारत बनाना है। उन्होंने कहा कि जहां धर्म होगा, वहीं पर विजय होगी। उन्होंने कहा कि सनातन एकता से ही भारत अखंड रहेगा और होली त्योहार समाज को जोड़ता है।