उत्तर प्रदेश के कानपुर में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है | तबीयत खराब होने पर कलयुगी बेटे ने अपनी माँ को घर से निकाल दिया। जिसके बाद बुजुर्ग महिला भरी गर्मी में सड़क के किनारे पड़ी रही। बाद में किसी ने वीडियो बना कर पुलिस को इसकी जानकारी दी और स्थानीय पुलिस ने महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
मामला कानपुर कैंट थाना क्षेत्र का है। यहां एक शख्स ने मां की तबीयत खराब होने पर उसे घर से निकाल दिया। बेटे ने मां का इलाज कराने के बजाए उसे अपनी बहन के घर के बाहर सड़क पर छोड़ दिया। बेटी और दामाद ने भी बीमार मां की कोई मदद नहीं की और वह भरी गर्मी में सड़क पड़ी रही। बाद में किसी ने महिला का वीडियो बनाया और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बुजुर्ग महिला को अस्पताल में भर्ती कराया पर डॉक्टरों की काफी कोशिश के बावजूद उनकी मौत हो गई।
जांच में पाया गया कि बुजुर्ग महिला कोरोना पॉजिटिव थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महिला का शव लेने भी कोई नहीं आया। पुलिस उपायुक्त के आदेश पर मृतक महिला के बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर सख्त से सख्त कार्रवाई की बात की जा रही है।
डीसीपी ईस्ट अनूप सिंह बताया कि सोशल मीडिया पर एक वृद्ध महिला का वीडियो वायरल हो रहा था। जिसमें वो चादर ओढ़े सड़क पर लेटी हुई थीं वीडियो का संज्ञान लेते हुए चकेरी पुलिस ने तत्काल प्रभाव से महिला को इलाज के लिए उर्सला अस्पताल में भर्ती करवाया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई है।
अनूप सिंह ने बताया कि जांच करने पर पता चला है कि बीमार मां को सड़क पर उसके बेटे ने ही छोड़ दिया था। जिन पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। बता दें भारत में कोरोना का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 3,52,991 नए मामले आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,73,13,163 हुई जबकि वर्तमान में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 28 लाख को पार कर गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस बारे में बताया।
