रामपुर से सपा सांसद आजम खां इन दिनों यूपी के भाजपा सरकार के निशाने पर ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग (यूपीपीएससी) के नजर में भी आ गए है। पीसीएस 2017 के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार सोमवार (16 सितंबर) से शुरु हो गया। साक्षात्कार के पहले ही दिन अभ्यर्थियों से उनके विषय के अलावा यह भी पूछा गया कि आजम खां पर कितने चोरी के मुकदमे दर्ज किए गए हैं? और उसमें कितनी बकरी चोरी का आरोप लगा है? इन प्रश्नो को सुन अभ्यर्थी भी दंग रह गए। इन प्रश्नो के साथ ही कुछ ऐसे भी प्रश्न थे जिनकी वजह से बंद एसी कमरे में भी अभ्यर्थियों को पसीने आने शुरु हो गए । पूछा गया कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का कारण व देश को उससे होने वाले लाभ के बारे में प्रश्न किया गया। एक अन्य अभ्यर्थी से आनंदपुर साहिब का सिखों के लिए महत्व के बारे पूछा गया। इन प्रश्नों के अलावा कुछ प्रश्न इस प्रकार थे-
– अमेरिका-चीन ट्रेड वार का भारत पर क्या असर पड़ेगा?
– बीआरआइ क्या है?
– मॉब लिंचिंग क्या है, इसे लेकर राजनीति क्यों गर्म है?
– मिशन शक्ति के बारे में बताएं?
-अंतरराष्ट्रीय अदालत में कुलभूषण जाधव को लेकर बीते दिनों क्या निर्णय हुआ है?
– सिंधु जल समझौता क्या है?
– इस समय दक्षिणी चीन सागर क्यों अंतरराष्ट्रीय चर्चा में बना है?
– बाबरी मस्जिद विवाद किसके-किसके बीच चल रहा है।
साक्षात्कार बोर्ड कुछ इस प्रकार है: दरअसल, साक्षात्कर के लिए छह बोर्ड बनाए गए हैं। हर बोर्ड को 24-24 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार करना है। आयोग में 30 सितंबर तक साक्षात्कार चलेगा। इसमें 676 पदों के लिए 2029 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए सफल हुए हैं।
क्या है आजम खां का मामला: सपा नेता आजम खान के खिलाफ रामपुर पुलिस ने बकरी और बछड़ा चोरी लूट का मामला दर्ज किया था। इस मामले में आजम के खिलाफ रामपुर में नसीमा खातून नाम की एक महिला ने अक्टूबर 2016 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2016 को आजम अपने 7 साथियों और 25 अनजान लोगों के साथ उसके घर में घुस आए और तीन भैंस, एक बछड़ा और चार बकरियां लेकर चले गए। यही नहीं आजम पर उस महिला के पायल और कुंडल भी लूट लेने के आरोप लगे हैं। उस महिला ने उनपर उसके घर में तोड़-फोड़ का भी आरोप लगाया है।