यूपी एसटीएफ ने मेरठ में मुस्तफा कग्गा गैंग से जुड़े 4 बदमाशों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। इनमें से एक बदमाश पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में एक इंस्पेक्टर को भी गोली लगी है। इनका नाम सुनील बताया जा रहा है। इन्हें इलाज के लिए करनाल के अमृतधारा अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक यह मुठभेड़ रात करीब 2 बजे हुई है। थाना झिंझाना क्षेत्र में एसटीएफ ने अरशद बाढ़ी माजरा सहारनपुर व उसके तीन साथियों मंजीत, सतीश और एक अन्य को घेर लिया। इस दौरान अरशद और उसके साथियों ने टीम पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। इस जवाबी फायरिंग में चारों बदमाशों की मौत हो गई। एसटीएफ के एएसपी ब्रिजेश कुमार ने बताया कि इनमें से अरशद पर एक लाख का इनाम था।
मुठभेड़ में कुल 4 बदमाशों को एसटीएफ ने ढेर कर दिया। चौथे बदमाश की अभी तक पहचान नहीं की जा सकी है। इसके अलावा तीन में एक अरशद पुत्र जमील निवासी बाढ़ी माजरा सहारनपुर, मंजीत पुत्र मेहताब, हरियाणा और सतीश पुत्र राजसिंह निवासी करनाल का नाम शामिल है। अरशद के खिलाफ पहले से ही लूट, डकैती व हत्या के एक दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल
एसटीएफ की टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर सुनील कर रहे थे। उनके पेट में दो गोलियां लगी हैं। गंभीर अवस्था में उन्हें करनाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें मेदांता अस्पताल ले जाया गया। यहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।