उत्तर प्रदेश भी अजब गजब है। इसके साथ ही यहां जो घटनाएं होती हैं वो भी अपने आप में अनोखी होती हैं। फिलहाल योगी आदित्यनाथ के एक मंत्री से जुड़ा एक वाकया वायरल हो रहा है। इसमें मंत्री जी की जमकर किरकिरी भी हो रही है। दरअसल सरकारी रेस्ट हाउस में ठहरे मंत्री जी का हाल उस समय बेहाल हो गया जब उन्हें लगा कि सांप ने उन्हें डसा है। लेकिन जैसे ही पता चला कि ये कारनामा चूहे का था तो मंत्री जी की तबियत एकदम से हरी हो गई और चेहरे की गायब हुई लालिमा फिर से लौट आई। अफसरों को भी चैन की सांस मिल गई।
मामले के मुताबिक दो दिवसीय दौरे पर बांदा पहुंचे उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव को रविवार रात सोते समय चूहे ने काट लिया। जानकारों का कहना है कि सांप के डसने का संदेह होने के चलते मंत्री की तबीयत बिगड़ने लगी। बाद में चूहे के काटने की पुष्टि होने पर मरहम-पट्टी कर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उसके बाद से मंत्री दी अब बिल्कुल स्वस्थ्य हैं और वह सोमवार सुबह लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसएन मिश्रा ने बताया कि दो दिवसीय दौरे पर बांदा आए खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव रविवार रात मवई बाईपास स्थित सर्किट हाउस में रुके थे। वो रेस्ट हाउस के कमरा संख्या छह में रात को नींद ले रहे थे। रात तकरीबन तीन बजे उन्हें महसूस हुआ कि किसी ने उनके दाएं हाथ की उंगली में काटा है। आसपास जंगल होने की वजह से मंत्री को शक हुआ कि उन्हें सांप ने डस लिया है। इसी घबराहट में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
उधर, प्रशासन को खबर लगी तो अधिकारियों के होश फाख्ता हो गई। डीएम, एसएसपी और सीएमओ तत्काल मौके पर पहुंचे। मंत्री को फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया। भीतर मंत्री जी का इलाज चल रहा था और बाहर तमाम आला अधिकारी एक पर खड़े होकर उनके लिए दुआ कर रहे थे।
https://twitter.com/JournoPrashant/status/1521028061298249728?s=20&t=V76RyPE1n83vPd0PGzoBDQ
खैर, घंटों की जांच के बाद पता चला कि उन्हें सांप ने नहीं, बल्कि चूहे या छछूंदर ने काटा है। सांप के न डसने की पुष्टि होने के बाद मंत्री की तबीयत में सुधार होने लगा। उन्हें सुबह छह बजे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उसके बाद उन्होंने सुकून की सांस ली। अफसरों की भी जान में जान आई। लेकिन कुल मिलाकर जितनी देर गिरीश चंद्र यादव अस्पताल के भीतर रहे। बाहर मौजूद अफसरों के माथे से पसीना निकलता देखा गया।
