उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में दो युवकों की सनसनीखेज मौत का मामला सामने आया है। यहां के खड्डा पुलिस थाना क्षेत्र में मथिया गांव में नहर के नजदीक एक शव बरामद हुआ था जिसका सिर नहीं था। पुलिस के मुताबिक राज की पहचान उसके आधार कार्ड से हुई। शरीर के गायब हिस्सों को ढूंढने के लिए पुलिस ने गोताखोरों की मदद ली थी। इसी दौरान पुलिस को नहर से एक और शव मिल गया।

दोनों मृतकों की पहचान बंधुछपरा निवासी 23 वर्षीय राज कुमार और 20 वर्षीय इजराइल के रुप में हुई। इनमें से राज का सिर अलग था और कलाई कटी हुई थी। उसके शव पर चोटों के निशान भी थे। वहीं इजरायल के शरीर पर गोलियों से चोटिल होने के निशान थे। राज गांव में ही चाय की दुकान चलाता था। नहर के पास से उसकी बाइक भी बरामद की गई है।

 

पुलिस ने इस डबल मर्डर केस में सात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इनमें से छह आरोपी एक ही परिवार के हैं जो राज के पड़ोस में रहते थे, वहीं एक अन्य आरोपी पड़ोस के गांव का रहने वाला था। पुलिस ने इनमें से चार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। खड्डा पुलिस थाने के एसएचओ संजय कुमार सिंह के मुताबिक, ‘राज और इजराइल को सोमवार की रात साथ में देखा गया था, इसके अगले दिन उनके शव बरामद हुए।’ इन घटनाओं से इलाके में हड़कंप मच गया है। हत्या का कारण अभी भी सामने नहीं आ पाया है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकता है।