उत्तरप्रदेश में योगी सरकार का बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के खिलाफ एक्शन लगातार जारी है। योगी सरकार, मुख्तार अंसारी से संंबंधित कई संपत्तियों को कुर्क कर चुकी है। इसी क्रम में अंसारी की पत्नी और साले की संपत्ति को कुर्क किया गया है।

गाजीपुर जिलाधिकारी ने मुख्तार अंसारी की पत्नी आफसा अंसारी और साला सरजील रजा की लगभग 2 करोड़ की संपत्ति को कुर्क करने का आदेश दिया था। जिसके बाद प्रशासन से मुनादी करते हुए इन संपत्तियों को कुर्क कर लिया। जिलाधिकारी ने गैंगेस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के तहत ये कार्रवाई करने का आदेश जारी किया था। इन संपत्तियों में सैय्यदबाड़ी स्थित एक घर के साथ-साथ लखनऊ स्थित एक फ्लैट भी शामिल है।

मुख्तार अंसारी के ससुर जमशेद रजा ने प्रशासन की इस कार्रवाई को ज्यादती बताते हुए कहा कि जब्त की गई संपत्ति उनकी पत्नी के नाम पर है। हम इसके खिलाफ कोर्ट जाएंगे।

बता दें कि मुख्तार अंसारी को पंजाब से इसी साल यूपी लाया गया था। बसपा विधायक मुख्तार अभी बांदा जेल में बंद है। अंसारी के ऊपर  हत्या, हत्या के प्रयास, धोखधड़ी, साजिश रचने समेत कई मामले दर्ज हैं। मुख्तार अंसारी पर योगी सरकार ने गैंगेस्टर एक्ट भी लगा रखा है। उत्तरप्रदेश पुलिस के अनुसार इस बाहुबली विधायक पर राज्य और राज्य के बाहर 52 मामले दर्ज हैं। इनमें से 15 मामलों पर सुनवाई चल रही है।