उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति ने बदले की भावना से 9 साल के बच्ची की हत्या कर दी है। वहीं बच्ची के परिजन हत्या से पहले बलात्कार की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।

क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि यह घटना चंदौसी कोतवाली क्षेत्र की है। बच्ची बृहस्पतिवार को घर के बाहर खेलने गई थी, उसके बाद वापस नही लौटी। वह अक्सर अपने पड़ोसी दयाराम नामक व्यक्ति के घर टी वी देखने जाती थी।

बच्ची के गायब हो जाने के बाद से परिजन उसकी तलाश में लगे हुए थे। इस बीच आज अलसुबह करीब 4 बजे पडोसी दयाराम एक टाट की बोरी ले कर जा रह था। बच्ची के परिजनों ने दयाराम को रोक के उस बोरी को देखा तो वे सन्न रह गए। उसमें बच्ची की लाश थी। इसके बाद उन्होंने दयाराम को पुलिस के हवाले कर दिया। बच्ची के पिता को अंदेशा है कि बलात्कार के बाद उनकी बेटी की हत्या की गई है।

वहीं संभल जिले के पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बताया कि आरोपी दयाराम ने अभी तक प्रारंभिक पूछताछ में बताया है कि बच्ची अक्सर उनके घर टी वी देखने आती थी। रक्षा बंधन के दिन भी आई थी। उसने किसी बात पर उसके दो साल के बच्चे को धक्का दे दिया था। गुस्से में आकर उसने उसकी हत्या कर दी।

फ़िलहाल बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए दिया गया है। जिसके बाद उसकी मौत से सम्बंधित कारणों का खुलासा हो सकेगा।