यूपी की जेल में बंद जिले के कुख्यात गैंगस्टर अनिल दुजाना ने कोर्ट परिसर में शुक्रवार को अपनी मंगेतर से सगाई की। दुजाना महाराजगंज जेल से गौतम बुद्ध नगर कोर्ट लाया गया था। अनिल की मंगेतर सज-धज के कोर्ट पहुंची थी। दोनों ने कोर्ट परिसर में एक-दूसरे को अंगुठी पहनाई। जिला अदालत में अनिल दुजाना के वकील जितेंद्र भाटी ने खबर की पुष्टि की। अदालत से अनुमति लेकर दोनों ने शपथ पत्र पर साइन किए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दुजाना पर 20 से ज्यादा हत्याओं के मामले दर्ज हैं। 2011 में एक शादी में फायरिंग करने के बाद से ही वह जेल में है। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई थी।
शपथ पत्र पर हुए साइनः बागपत की रहने वाली अनिल की मंगेतर परिवार सहित सगाई के लिए कोर्ट पहुंची थी। सगाई से पहले दुजाना और उसकी मंगेतर ने शपथ पत्र पर साइन किए। अदालत से दुजाना के शादी के शपथ-पत्र पर हस्ताक्षर करने की अनुमति मांगी गई। शपथ पत्र में लिखा था कि लड़की और अनिल दुजाना एक दूसरे को एक साल से जानते हैं और शादी के बंधन में बंधना चाहते हैं। वकील ने बताया कि अनुमति मिलने के बाद दोनों ने शपथ पत्र पर साइन किए।
पुलिस अधिकारियों को मौके पर जाकर मिली जानकारीः शपथ पत्र पर उसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई। इस मौके पर दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे। बता दें कि अपराधियों की पेशी के दौरान जिला अदालत में पुलिस उपस्थित रहती है। सगाई की सूचना मिलने पर पुलिस के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे और तब उन्हें अदालत से शपथ पत्र साइन होने की जानकारी मिली।

