लोकसभा चुनाव के बाद एक बार फिर राम मंदिर को लेकर गर्माई सियासत के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने शुक्रवार (7 जून) को भगवान राम की एक अद्भुत प्रतिमा का अनावरण किया। खासियतों से भरी इस प्रतिमा की ऊंचाई 7 फीट बताई जा रही है। इसे ‘कोदंड राम प्रतिमा’ बताया जा रहा है।

शिवसेना ने पूछा था ये सवालः बता दें कि बीजेपी की सहयोगी पार्टी शिवसेना अयोध्या में विवादित जमीन पर राम मंदिर के निर्माण को लेकर फिर से बीजेपी को निशाने पर ले रही है। पार्टी के सांसद संजय राउत ने पूछा था कि बीजेपी के पास 303 सांसद हैं और शिवसेना के पास 18, राम मंदिर बनाने के लिए और क्या चाहिए? शिवसेना प्रमुख अपने सभी 18 सांसदों के साथ 16 जून को अयोध्या का दौरा करेंगे।

ये है सीएम योगी का कार्यक्रमः मुख्यमंत्री करीब 3 घंटे तक अयोध्या में ही रहेंगे। उनके आगमन को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी थी। हेलिकॉप्टर से उतर वे सीधे अयोध्या शोध संस्थान पहुंचे जहां उन्होंने राम प्रतिमा का अनावरण किया।

National Hindi News, 7 June 2019 LIVE Updates: दिनभर की खबरें जानने के लिए यहां क्लिक करें

lord ram
भगवान राम की प्रतिमा, फोटो सोर्स- @tourismwings

कर्मचारियों में मचा हड़कंपः प्रतिमा अनावरण के साथ-साथ योगी का यहां मणिरामदास छावनी में महंत नृत्यगोपालदास के 81वें जन्मोत्सव कार्यक्रम में शिरकत करने, अयोध्या के विकास कार्यों का निरीक्षण करने का भी कार्यक्रम है। इसके बाद वे वापस लखनऊ के लिए निकलेंगे। योगी के निरीक्षण कार्यक्रम के चलते स्थानीय अधिकारियों-कर्मचारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

क्यों खास है यह प्रतिमाः राष्ट्रपति पुरस्कार से नवाजी जा चुकी इस प्रतिमा को कावेरी कर्नाटक स्टेट आर्ट्स एंड क्राफ्ट एंपोरियम ने बनवाया है। 7 फीट की इस प्रतिमा की कीमत करीब 35 लाख रुपए बताई जा रही है। इस आकर्षक प्रतिमा को काष्ठकला की दुर्लभ कृति माना जा रहा है।