उत्तर प्रदेश की देवरिया सदर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं और यहां कांग्रेस के मुकुंद मणि भास्कर को उम्मीदवार बनाए जाने पर पार्टी की महिला नेत्री ने खूब हंगामा काटा। वो भास्कार को टिकट दिए जाने पर नाराज थीं। हालांकि कार्यालय में जब वो अपनी नाराजगी जता रही थीं तब पार्टी कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। वीडियो केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने भी शेयर किया है।

वीडियो में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी दफ्तर में प्रत्याशी की घोषणा के बाद अपना विरोध जताती हुई नजर आ रही हैं। इसी बीच वहां मौजूद दर्जनभर कांग्रेस कार्यकर्ता महिला नेत्री के पास आ धमके और चिल्लाने लगे। इसमें कुछ लोग उन्हें धक्का देते हुए मारपीट करते हुए भी नजर आते हैं। वीडियो के अनुसार महिला जब किसी नेता से बात कर रही होती हैं तभी पीछे से उनके सिर तेज हाथ लगता हैं और मारपीट शुरू हो जाती है।

वीडियो शेयर कर रिजिजू ने लिखा है कि कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ता चुनावी टिकट मांगने के लिए एक महिला को पीट रहे हैं। इधर एक चैनल से बातचीत में महिला ने कहा कि पार्टी ने गलत शख्स को टिकट दिया है। वो बलात्कारी है। मैं अपने नेता कह रही हूं कि गलत आदमी को टिकट दिया गया है। इससे पार्टी के छवि खराब होगी। टिकट किसी और नेता को दिया जाना चाहिए, जिसका चरित्र अच्छा हो, मगर इतना कहते ही मेरे साथ मारपीट शुरू हो गई।

उल्लेखनीय है कि देवरिया जिले की सदर अगस्त 2020 में भाजपा विधायक जन्मेजय सिंह के निधन के बाद से खाली पड़ी है। उनका लखनऊ में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। वो 75 साल के थे। प्रदेश की करीब सात सीटों पर उपचुनाव होने हैं।

यहां देखें वीडियो-