उत्तर प्रदेश की जेवर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक धीरेंद्र सिंह की साइकिल की रफ्तार की इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। उनकी साइकिल की तेज रफ्तार को लेकर लोग भी अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। दरअसल, उन्होंने एक वीडियो अपने ट्विटर पर पोस्ट किया था, जिसमें वो साइकलिंग कर रहे हैं। इस दौरान रोड पर उनके पीछे एक कार भी नजर आ रही है।

इस पर ट्विटर यूजर खूब कमेंट कर रहे हैं और कह रहे हैं कि कार भी उनको ओवरटेक नहीं कर पा रही है। सचिन गुप्ता नाम के एक ट्विटर यूजर ने कहा कि यूपी के BJP विधायक धीरेंद्र सिंह की साइकिल इतनी तेज चल रही है कि कार ओवरटेक नहीं कर पा रही। वहीं, एक अन्य यूजर अनमोल शर्मा ने कहा, “विधायक जी वहां तक साइकिल चलाएंगे जहां तक वो थकेंगे नहीं, थकान होने के बाद वो इसी गाड़ी में एसी की हवा लेंगे।”

संजीव थापक नाम के यूजर ने कहा, “कार तो इन्हीं की है… जब फोटो खिंच जाएगी तब घर कैसे जाएंगे… कोई लिफ्ट भी नहीं देता… आज-कल।” वहीं एक और यूजर ने सपा प्रमुख का जिक्र करते हुए कहा, “हाईवे पे साइकिलिंग करना खतरनाक होता है। कोई बताओ विधायक जी को। कोई घटना ना हो इसलिए अखिलेश यादव ने साइकिल ट्रैक बनवाया था।”

बता दें कि धीरेंद्र सिंह जेवर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक हैं और लगातार दो बार यहां से चुनाव जीते हैं। यह सीट गौतमबुद्ध नगर के अंतर्गत आती है। एक किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले धीरेंद्र सिंह ने कांग्रेस के साथ अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी।

कॉलेज टाइम से ही वो स्टूडेंट पॉलिटिक्स में काफी सक्रिय रहे। उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने के बाद कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। साल 2012 के यूपी विधानसभा चुनाव में वो कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े, लेकिन हार गए।

इसके बाद उन्होंने साल 2017 में कांग्रेस का हाथ छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया और उसी साल हुए विधानसभा चुनाव में जेवर से जीत हासिल की। इसके बाद 2022 का विधानसभा चुनाव भी जीता।