हरदोई के मल्लावां कस्बे में शुक्रवार देर शाम विधायक आशीष सिंह व नगरपालिका अध्यक्ष के समर्थकों को बीच हुई पत्थरबाजी और गोलीबारी की घटना में विधायक के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। नगर पालिका अध्यक्ष अंकित जायसवाल ने विधायक, नौ नामजद लोगों व अन्य लोगों के खिलाफ घर में घुस कर तोड़फोड़, जानलेवा हमला करने और डकैती की एफआईआर कराई है।

वहीं विधायक समर्थक की तरफ से पालिका अध्यक्ष व उनके भाइयों के खिलाफ वाहन में तोड़फोड़, जानलेवा हमले का काउंटर केस दर्ज कराया गया है। इससे पहले शुक्रवार देर शाम को भाजपा विधायक आशीष कुमार सिंह के समर्थक के बीच मारपीट, पथराव व फायरिंग हुई थी।

इसमें एक आदमी गोली लगने से घायल हो गया जबकि दो को हल्की चोटे आईं। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की तैनाती कर दी गई है। नगर पालिका अध्यक्ष अंकित जायसवाल का कहना है कि उस पर हुए हमले में विधायक भी शामिल थे। उन लोगों ने मेरे घर पर चढ़ाई की, मारपीट कर तोड़फोड़ भी की।

वहीं विधायक का कहना है कि वह मौके पर मौजूद नहीं थे। उनके ऊपर गलत मामला दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। विधायक ने कहा कि यह उनके खिलाफ बड़े स्तर पर की जा रही साजिश है। इससे पहले पुलिस ने नगर पालिका अध्यक्ष समेत हिरासत में लिए गए सभी लोगों को शनिवार को जेल भेज दिया था।

इसके अलावा पुलिस ने शांति भंग करने के मामले में 17 लोगों को गिरफ्तार कर उनका चालान किया। इस मामले में बिलग्राम सर्कल अधिकारी प्रताप सिंह चौहान ने कहा, ‘शुक्रवार शाम करीब 8 बजे करीब 100 लोग नगर पालिका अध्यक्ष अंकित जायसवाल के घर के बाहर एकत्रित हो गए। ये लोग खुद को स्थानीय विधायक का समर्थक बता रहे थे। इसके बाद उन लोगों की नगर पालिका समर्थकों के साथ बहस हो गई।’