यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा है कि इस बार निकाय चुनाव में पार्टी मुसलमानों को भी टिकट देगी। पार्टी सभी वार्डों पर अपना उम्मीदवार खड़ा करेगी, किसी से परहेज नहीं है। कहा कि भाजपा चुनाव में सभी को साथ लेकर चलेगी। भाजपा किसी जाति, वर्ग की नहीं बल्कि पूरे देश की पार्टी है। भाजपा की सरकार में बिजली, पानी, सड़क व सुरक्षा प्राथमिकता है। प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया गया है। बिजनौर में उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अभी सामने निकाय चुनाव है और अधिक से अधिक सीटों पर जीत का लक्ष्य है। निकाय चुनाव में टिकट का मानक पार्टी का कार्यकर्ता और जीताऊ प्रत्याशी रहेगा।

भाजपा नेता भूपेंद्र चौधरी बोले कि पार्टी महिलाओं का पूरा सम्मान करती है, इसलिए जहां जिताऊ महिला कार्यकर्ता होंगी, वहां बिना आरक्षण के महिलाओं को उम्मीदवार बनाया जाएगा। निकाय चुनाव में टिकट का मानक पार्टी का कार्यकर्ता और जीताऊ प्रत्याशी रहेगा। संगठन को मजबूत करने का काम तेजी से चल रहा है। चुनाव की तैयारी में पार्टी लग गई है और कार्यकर्ता लगातार मेहनत कर रहे हैं।

कहा, “2014 के बाद हर चुनाव में पार्टी का जनाधार बढ़ा है”

बताया कि पार्टी का जनाधार 2014 के बाद हर चुनाव में बढ़ा है और आगे भी यह लगातार बढ़ता रहेगा। इस बार हम उन सीटों पर भी जीत हासिल करेंगे, जिन पर पिछली बार हार गए थे। इसके अलावा अगले लोकसभा चुनाव की तैयारी भी शुरू कर दी गई हैं। इस बार यूपी में हमारा लक्ष्य सभी 80 सीटें जीतने का है।

कहा कि पहले भाजपा को सवर्णों की पार्टी, अगड़ों की या फिर उप्र की पार्टी कहा जाता था, लेकिन भाजपा ने काम करके दिखा दिया है। भाजपा सरकार ने लोक कल्याण और गरीब कल्याण के लिए काम किया है।

सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जनता के बीच जाकर जानकारी दी जाएगी। पार्टी के सभी कद्दावर नेता जनता के बीच जाकर प्रदेश सरकार व केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के आधार पर 2024 के लोकसभा चुनाव में वोट मांगेंगे। कहा कि हर तरफ पार्टी के प्रति लोगों में एक सकारात्मक विचार है। लोगों में भाजपा सरकार और सरकार के कार्यों को लेकर भरोसा और उत्साह है।