जद (यू) नेता और केंद्रीय मंत्री रामचंद्र प्रसाद सिंह को एक बार फिर से झटका लगा है। इस बार उनसे सरकारी बंगला ले लिया गया है। बता दें कि पटना में जिस 7-स्ट्रैंड रोड बंगले में आरसीपी सिंह रह रहे थे, उसे गुरुवार को बिहार सरकार ने मुख्य सचिव को आवंटित कर दिया। बता दें कि यह बंगला मुख्यमंत्री आवास से कुछ ही दूरी पर स्थित है।

आरसीपी सिंह राज्यसभा सांसद हैं और अगले महीने उनका कार्यकाल राज्यसभा में पूरा हो रहा है। वहीं जदयू ने उन्हें इस बार राज्यसभा के लिए उम्मीदवार नहीं बनाया है। बताया जा रहा है कि भाजपा के साथ नजदीकियों के चलते उनके साथ ऐसा किया गया। गौरतलब है कि आरसीपी सिंह को पहले राज्यसभा का टिकट नहीं मिला और अब उनसे सरकारी बंगला भी ले लिया गया है।

7-स्ट्रैंड रोड बंगला पहले बीजेपी एमएलसी संजय गांधी को आवंटित किया गया था। हालांकि इस बंगले में आरसीपी सिंह बीते 10 सालों से रह रहे थे। वहीं संजय गांधी पटना में अपने निजी घर में रहते हैं। बंगले के ताजा आवंटन को लेकर उप सचिव-सह-भूमि संपदा अधिकारी चंद्रशेखर प्रसाद सिंह के आदेश के अनुसार, 7-स्ट्रैंड रोड को बिहार के मुख्य सचिव आमिर सुबहानी को दिया गया है।

बता दें कि आरसीपी सिंह का कार्यकाल 7 जुलाई को खत्म हो रहा है। लेकिन आगे के लिए जदयू ने उन्हें राज्यसभा टिकट नहीं दिया है। ऐसे में उनके केंद्रीय मंत्री पद पर भी खतरा बना हुआ है। द इंडियन एक्सप्रेस ने एक जद (यू) नेता के हवाले से लिखा, “आरसीपी कई सालों से इस बंगले में रह रहे थी। पार्टी कार्यकर्ताओं से मिल रहे थे। हर कोई जानता था कि यह उन्हें आवंटित नहीं किया गया था”

बता दें कि 2021 में मोदी मंत्रिमंडल के विस्तार में आरसीपी सिंह को केंद्रीय मंत्री बनाया गया था। इसके बाद से ही उनके और जदयू के बीच रिश्तों में खटास आनी शुरू हो गयी। कहा जा रहा है कि जदयू प्रमुख व बिहार के सीएम नीतीश कुमार से उनकी नाराजगी के चलते पार्टी ने उन्हें तीसरी बार राज्यसभा टिकट नहीं दिया।

Live Updates