उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शनिवार (27 अगस्त, 2022) को एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां किसानों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़कर गर्रा नदी में जा गिरी। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 20 किसान सवार थे। जिसमें 14 लोगों को बचा लिया गया है। वहीं 6 अभी लापता हैं। गोताखोरों की मदद से लोगों की तलाश की जा रही है।
बता दें, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार किसान पाली क्षेत्र के निजामपुर पुलिया के पास खीरा मंडी से खीरा बेचकर वापस लौट रहे थे। खीरा बेचकर वापस लौटते समय गर्रा पुल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। बेगराजपुर गांव के किसान सुबह मंडी में खीरा बेचने गए थे। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
जिलाधिकारी ने अविनाश कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि सुबह कुछ गांव वाले पाली के पास मंडी में खीरा बेचने के लिए गए थे। हमें सूचना मिली है कि वहां से लौटने के दौरान गर्रा नदी के पुल पर ट्रैक्टर का टायर निकल जाने के कारण ट्रैक्टर गर्रा नदी में गिर गया। गाड़ी में लगभग 2 दर्ज़न लोग सवार थे।
आईजी लखनऊ जोन ने बताया कि घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस, एडिशनल एसपी, सीओ तैनात हैं। बचाव के लिए NDRF, SDRF रवाना की गई है। हमने 14 लोगों को बचाया गया है। 6 लोग अभी भी लापता हैं। ट्रॉली अभी भी पानी में है, लापता लोगों की तलाश जारी है।
घटना के बारे में एक अधिकारी ने बताया कि हमने गोताखोरों को बुलाया है। हम अभी तक वाहन का पता लगाने और उसे निकालने में सक्षम नहीं हैं। इसके लिए क्रेन तैयार की गई है। डाउनस्ट्रीम में भी हमने पुलों के नीचे जाल बिछाए हैं।’
उधर, हादसे पर सीएम कार्यालय की ओर से ट्वीट किया गया है। ट्वीट में लिखा गया है, ‘मुख्यमंत्री योगी आदित्नाथ ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जनपद हरदोई में ट्रैक्टर-ट्रॉली के नदी में गिरने की दुर्घटना अत्यंत दुःखद है। अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव एवं राहत कार्य संचालित करने तथा प्रभावितों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।