यूपी के झांसी जिले से एक बडी सड़क दुर्घटना होने की खबर है। दशहरे के दिन एक ट्रैक्टर ट्रॉली बीच सड़क पर ही उलट गई। जिसमें सात महिलाओं समेत 11 लोगों की मौत हो गई है।

ट्रैक्टर पर सवार लोग दशहरे के दिन पूजा करने जा रहे थे। तभी सड़क पर घूम रहे एक जानवर को बचाने के चक्कर में ये सड़क हादसा हो गया। सड़क पर पशु को बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने ट्रैक्टर पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ट्रॉली सड़क पर पलट गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर भांडेर की ओर से आ रही थी, और झांसी के चिरगांव की तरफ जा रही थी। तभी चिरगांव के पास ये घटना हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार मरने वालों में सात महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। जबकि कम से कम छह लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रैक्टर ट्रॉली में 30-32 लोग बैठे हुए थे।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और बचाव कार्य शुरू कर दिया। जिसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय पुलिस के साथ ही एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी भी मौके पर पहुंच गए।

झांसी पुलिस ने इस मामले पर और जानकारी देते हुए कहा है कि पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज झांसी में भर्ती कराया गया है। मृतकों का पंचनामा भरकर आगे की कार्यवाही की जा रही है। यातायात सामान्य है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीणा ने बताया कि मध्य प्रदेश के पंडोखर के रहने वाले करीब 30 परिवार ट्रैक्टर-ट्रॉली से यहां एराच के एक मंदिर में जा रहे थे। सड़क पर आवारा जानवर से बचने के लिए चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।

सीएम योगी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम ने शोक संवेदना जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को बेहतर इलाज की सुविधा प्रदान की जाए।