संबित पात्रा ने कांग्रेस पर ‘टूलकिट’ का आरोप लगाया तो ट्विटर ने वॉर्निंग दे दी और इसे मैनिपुलेटेड मीडिया बता दिया। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा का कहना है कि ट्विटर भी लेफ्ट बायस्ड है। इसी मुद्दे पर बहस के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रत्नाकर त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा आपको फर्जी कागज पकड़ाकर बलि का बकरा बना देती है। इसपर संबित पात्रा भी भड़क गए। पात्रा ने कहा कि पहले तो कांग्रेस पार्टी हमारे पेपर को फर्जी बता रही थी और बाद में कहने लगी कि आधे कागज फेक हैं और आधे सही हैं।
कांग्रेस नेता ने दुष्यंत कुमार को कोट करते हुए कहा कि एक पन्ना लहराकर संबित पात्रा कह रहे थे कि टूलकिट है। आप ट्विटर को बैन करवा दीजिए। रात को अदालत खुलवा दीजिए। एक दो नोटिस देकर ट्विटर को बैन कर दीजिए। आप ना आगा देखते हैं और न पीछा देखते हैं बस एक पन्ना लहराकर कह देते हैं कि टूलकिट है।
इसके बाद कांग्रेस नेता कहने लगे कि भाजपा आपको फर्जी कागज थमाकर बलि का बकरा बना देती है। इसके बाद संबित पात्रा भी भड़के और बोले, आपका आईक्यू लेवल राहुल गांधी से ज्यादा है इसलिए आपको समझाने की कोशिश करता हूं। आपने कहा कि फर्जी कागज हिलाया गया है। एक कागज नहीं है। हमने पहले भी चार कागज दिखाए थे। कांग्रेस ने पहले चारों कागज को फेक बताया। अगले दिन कांग्रेस ने ही आधे कागज सही कर दिए। बदलाव हुआ ना। फर्जी तो नहीं था।
पात्रा ने आगे कहा, जब आप राफेल के बारे में चौकीदार चोर कहते थे। जब आप वैक्सीन पर सवाल उठाते थे। क्या यह फर्जी नहीं था? संबित पात्रा ने एक बार फिर से ट्विटर को पक्षपाती बताया।
संबित पात्रा कांग्रेस प्रवक्ता को इतिहास भी बताने लगे। उन्होंने कैंब्रिज अनैलिटिका और डोकलाम की याद दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी उस समय अपना अजेंडा चला रही थी। ये वही कांग्रेस पार्टी है जो कि कह रही थी कि भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया है और अमेरिका दखल क्यों नहीं देता। वही कांग्रेस पार्टी आज ट्विटर से अपना काम करवा रही है।

