दिल्ली का तिहाड़ जेल गैंगवार (Gangwar in Tihar Jail) का अड्डा बनता जा रहा है। तिहाड़ जेल में आज फिर दो बदमाशों के गिरोह भिड़ गए। इस घटना में कैदी घायल हुए, जिन्हें दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल (Deen Dayal Upadhyay Hospital) में भर्ती कराया गया है। ये घटना तिहाड़ जेल के केंद्रीय कारागार नंबर 1 में हुई।
जेल अधिकारियों ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि दो कैदियों के बीच मारपीट हो गई। उन्होंने कहा, “दिल्ली की तिहाड़ जेल की सेंट्रल जेल नंबर 1 (Central Jail No 1) में दो गुटों के दो कैदियों के बीच मारपीट हो गई। एक कैदी आलोक ने राहुल पर ताबड़तोड़ चाकू और टाइल्स से हमला कर दिया। हाथापाई में लगे दोनों समूहों के सदस्यों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया गया। आगे की कार्रवाई जारी है।”
जेल के भीतर हुई मारपीट पर तिहाड़ जेल ने एक बयान जारी किया, जिसके अनुसार दिन में 12:38 बजे के आसापास तिहाड़ के सेंट्रल जेल-1 के वार्ड नंबर 2 में कुछ कैदियों ने राहुल नाम के बंदी पर चाकू, हाथ से बने एक हथियार और टाइल से हमला किया। इस कारण कैदी राहुल घायल हो गया। वहीं बाद में हमलावरों में शामिल आलोक नाम के कैदी ने खुद को भी चोटिल कर लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और जेल स्टाफ और त्वरित प्रतिक्रिया दल ने कैदियों को तुरंत अलग किया। जेल की डिस्पेंसरी में घायलों को प्राथमिक चिकित्सा दी गई और उसके बाद दोनों घायल कैदियों को आगे के इलाज के लिए डीडीयू अस्पताल ले जाया गया। वहीं इस मामले को लेकर हरि नगर पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज किया गया है।
बता दें कि इससे पहले पिछले महीने 2 मई को तिहाड़ जेल में गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की हत्या कर दी गई थी। टिल्लू पर दूसरे गैंग के सदस्य योगेश टुंडा ने हमला कर दिया, जिसके बाद वह घायल हो गया। इसके बाद उसे दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।