कोच्चि के समीप एक निजी अस्पताल में शुक्रवार(19 अप्रैल) की सुबह उस तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई जिसकी मां ने बेरहमी से उसकी पिटाई की थी जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। अलुवा में जिस अस्पताल में बच्चे का इलाज चल रहा था वहां डॉक्टरों ने कहा कि लकड़ी की किसी चीज से पीटे जाने के कारण बच्चे के सिर पर चोट लगी और उसका इलाज चल रहा था। सिर पर चोट लगना ही बच्चे की मौत की वजह हो सकती है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल सकता है।

पुलिस का क्या है कहना: पुलिस ने बृहस्पतिवार (18 अप्रैल) को बताया कि शरारत करने पर कथित तौर पर मां द्वारा पीटे जाने के बाद लड़का कोमा में चला गया था। घटना के संबंध में झारखंड की रहने वाली महिला को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि उस पर आईपीसी की धारा 302 (हत्या) का मामला दर्ज किया जाएगा। इससे पहले उस पर आईपीसी की धारा 307 (हत्या की कोशिश) और किशोर न्याय कानून की धारा 75 (बच्चे के साथ क्रूरता के लिए दंड) के तहत मामला दर्ज किया गया था। आगे पुलिस ने बताया कि महिला ने कथित तौर पर बच्चे की पिटाई की और उसे प्रताड़ित किया।
National Hindi News, 19 April 2019 LIVE Updates: दिनभर की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

शरारत करने पर बच्चे को पीटाः बच्चे के शरारत करने के कारण महिला ने ऐसा किया। यह हैरान करने वाली घटना तब सभी के सामने आई जब बच्चे का पिता बुधवार (17अप्रैल) की रात को उसे अस्पताल लेकर आए। उन्होंने बताया कि डेस्क से गिरने के कारण बच्चे को चोट लग गई। शक होने पर डॉक्टरों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने बताया कि ऐसा पता चला कि बच्चे को लकड़ी की किसी चीज से मारा गया और उसके शरीर के कई हिस्सों पर जलने की चोटें थीं। बच्चे के सिर पर चोटें आई थीं।डॉक्टरों ने बताया कि मस्तिष्क का दायी तरफ का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी जुटाने के लिए झारखंड रवाना हुई टीम: पुलिस की एक टीम बच्चे के परिवार के बारे में जानकारी जुटाने के लिए झारखंड रवाना हो गई है और वह यह भी पता लगाएगी कि क्या पिता और मां बच्चे के असली माता-पिता हैं।