मुंबई की एक लोकल ट्रेन में चोरी के आरोप में दो लोगों को नंगा करके पिटाई करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन लोगों पर मोबाइल फोन चोरी करने का आरोप लगाया गया था। घटना से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला सामने आया था।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान 24 साल के हरीश शेख और 23 वर्षीय नजीम शेख के तौर पर हुई है। दोनों को दादर जीआरपी ने गिरफ्तार किया। वीडियो सामने आने के बाद घटना में शामिल लोगों और इसके घटित होने के वक्त को लेकर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अफसरों का कहना है कि मामला 2013 का है। जांच में पता चला है कि घटना सीएसटी जा रही एक ट्रेन में हुई। परेल रेलवे स्टेशन पर यह घटना हुई। वीडियो में इस घटना के चश्मदीद के तौर पर दिख रहे शख्स के बारे में पुलिस ने पता लगाया। उसी की निशानदेही पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी मछली बेचते हैं। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद आरोपियों ने अपना फोन बंद कर दिया था।