महाराष्ट्र के ठाणे में एक कबूतर को बचाने की कोशिश में एक फायरमैन की मौत हो गयी। रविवार को एक बिजली के बॉक्स में फंसे कबूतर को बचाते समय एक दमकलकर्मी की करंट लगने से मौत हो गई जबकि एक अन्य दमकलकर्मी गंभीर रूप से झुलस गया। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, कबूतर ऐसी जगह पर फंस गया था कि उसे बाहर नहीं निकाला जाता तो न केवल उसे बल्कि ट्रांसफार्मर में भी विस्फोट का खतरा था।
मृतक फायरमैन की पहचान 28 वर्षीय उत्सव पाटिल के रूप में हुई है जबकि घायल दमकलकर्मी की पहचान आज़ाद पाटिल (29) के रूप में हुई है। ठाणे नगर निगम (टीएमसी) के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के अनुसार, यह घटना रविवार शाम लगभग 5 बजे ठाणे के दिवा शील रोड पर हुई। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि कबूतर एक खतरनाक जगह पर फंस गया था और अगर उसे बाहर नहीं निकाला जाता तो न केवल उसकी मौत हो जाती बल्कि ट्रांसफार्मर में भी विस्फोट हो जाता।
कबूतर तार में उलझ गया और उसे बचाते समय एक दमकलकर्मी तार की चपेट में आ गया
नगर निगम के एक प्रवक्ता ने बताया, “कबूतर ओवरहेड केबल के तार में उलझ गया और उसे बचाते समय एक दमकलकर्मी हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गया जिससे आग लग गई। इससे एक बचावकर्मी की करंट लगने से मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।” अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद, दोनों दमकलकर्मियों को स्थानीय नागरिक अस्पताल ले जाया गया जहां उनमें से एक को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, दूसरे व्यक्ति की हालत गंभीर है और उसके हाथों और छाती में लगी चोटों का इलाज किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच की जाएगी कि बिजली का झटका कैसे लगा और बचाव अभियान के दौरान उचित सुरक्षा उपाय किए गए थे या नहीं।
पढ़ें- पश्चिम बंगाल के बर्धमान रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़
झारखंड: आईईडी विस्फोट में घायल हाथी की मौत
झारखंड के सारंडा वन्यजीव अभयारण्य में पिछले सप्ताह कथित तौर पर माओवादियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हुई 10 वर्षीय मादा हाथी की रविवार सुबह मौत हो गई। यह जानकारी वन अधिकारियों ने दी। सारंडा प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अविरूप सिन्हा ने पीटीआई-भाषा को बताया कि पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के अंकुआ वन अभ्यारण्य में लगाए गए एक आईईडी पर पैर रखने से हथिनी के दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं।