जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में ईद की छुट्टियां मनाने टेरिटोरियल आर्मी के जवान मंजूर अहमद बेग को आंतकियों ने गोली मारकर शहीद कर दिया। पुलिस ने बताया कि आंतकियों ने घटना को अनंतनाग जिले के सादूरा गांव में स्थित जवान के घर पर अंजाम दिया। घटना गुरुवाऱ ( 6 जून) की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक जिस समय जवान को गोली मारी गई उस समय वे निहत्थे थे। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर सेना के जवानों ने इलाके की घेराबंदी की। मामले की जांच जारी है।
ईद मनाने के लिए आया था- मंजूर मंगलवार (4 जून) को 12 दिन की छुट्टी पर ईद मनाने के लिए घर आए थे। लेकिन इस दौरान आतंकियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। मंजूर टेरिटोरियल आर्मी का जवान था। घटना के बाद मंजूर अहमद बेग के घर में कोहराम मच गया।
अस्पताल पहुंचने पर हुई मौतः पुलिस ने बताया कि गोली लगने के बाद गंभीर रुप से घायल बेग को आनन फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बेग शोपियां जिले में तैनात थे और राष्ट्रीय राइफल्स की 34 बटालियन से जुड़े थे। बेग के परिवार में उनकी पत्नी और तीन बच्चे हैं।
National Hindi News, 7 June 2019 LIVE Updates: दिनभर की खबरें जानने के लिए यहां क्लिक करें
पिछले साल भी एक जवान ने गंवाई थी जानः बता दें यह घटना पिछले साल आर्मी जवान औरंगजेब की भी पुलवामा के कलामपोरा इलाके में ईद के मौके पर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आतंकियों ने औरंगजेब का अपहरण कर लिया था जब वह ईद का जश्न मनाने के लिए अपने घर जा रहे थे। पुलिस ने उनके बुलेट से छलनी शरीर को बरामद किया था। जवान की गर्दन और सिर पर गोली के निशान मिले थे। बाद में उन्हें बहादुरी के लिए मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था। बता दें चुनाव से पहले औरंगजेब के पिता हनीफ बीजेपी में शामिल हुए थे।