21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर पूरी दुनिया में लोगों ने सेहत और शांति के लिए योगासन किये। इस मौके पर भारत की टेनिस सनसनी के रूप में मशहूर सानिया मिर्जा ने भी योग आसन किया। खास बात यह है कि सानिया मिर्जा इस वक्त गर्भवती हैं। लिहाजा उनकी दिनचर्या काफी संयमित और डॉक्टरों की निगरानी में रहती है। बावजूद उन्होंने योग किया। सानिया मिर्जा ने इसकी एक तस्वीर अपने ट्विटर अकाउंट पर डाली। सानिया ने लिखा, “योग का अंतर्राष्ट्रीय दिवस हो या फिर कोई और दिन, प्रेग्नेंसी के दौरान प्रीनटल योगा मेरे लिए खुद को फिट रखने का तरीका है, आपका तरीका क्या है। सानिया ने इस ट्वीट को केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी और उनके मंत्रालय को टैग किया। केन्द्रीय महिला बाल विकास मंत्री ने भी सानिया के ट्वीट का जवाब दिया। उन्होंने लिखा, “वंडरफुल सानिया, सचमुच में प्रीनटल योगा गर्भावस्था के दौरान फिट रहने का शानदार तरीका है।” महिला बाल विकास मंत्री ने अपने ट्विटर हैंडल पर गर्भवती महिलाओं को योग के फायदे भी बताएं हैं। मेनका गांधी ने कहा कि उन्होंने दिल्ली में गर्भवती महिलाओं के साथ योग किया है।

बता दें कि इस साल अप्रैल में सानिया मिर्जा ने अपनी प्रेगनेंसी की सूचना मीडिया को दी थी। सानिया कुछ दिनों से प्रोफेशनल टेनिस से दूर हैं। सानिया मिर्जा की शादी पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से हुई है। चौथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस देश और विदेशों में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। देहरादून में मुख्य समारोह में शामिल हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि योग संकटों का सामना कर रहे विश्व को एकजुट कर सकता है। राजस्थान के कोटा में इस अवसर पर गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड भी बना, जहां इस अवसर पर एक जगह पर लगभग दो लाख लोगों ने जमा होकर योगासन किया।

पूरे देश में केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और राज्यपाल ने हजारों लोगों के संग योग किया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की अगुवाई करने वाले मोदी ने कहा कि विश्व ने योग को स्वीकार किया है और 21 जून अच्छे स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ा जनांदोलन बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि योग खूबसूरत है क्योंकि यह ‘प्राचीन लेकिन आधुनिक’ है। उन्होंने कहा, “इसमें लगातार विकास हो रहा है। इसमें हमारे अतीत, मौजूदा और भविष्य की उम्मीद है। हम आज जिन समस्याओं का सामना कर रहे हैं, उसका बेहतर समाधान योग है।”