स्कूल के क्लासरूम में एक नाबालिग लड़का-लड़की द्वारा कथित तौर पर विवाह करने का एक वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। वीडियो आंध्र प्रदेश में ईस्ट गोदावरी जिला स्थित राजमहेन्द्रवरम में जूनियर कॉलेज का है। मामले में पुलिस ने बाल विवाह अधिनियम, 2006 के तहत केस दर्ज किया है। बताया जाता है कि विवाह करते दोनों नाबालिगों का वीडियो सोशल मीडिया तेजी से वायरल होने के बाद घटना संज्ञान में आई। संबंधित अधिकारियों ने इस विवाह को अमान्य करार दिया और लड़का-लड़की को काउंसलिंग के लिए भेजा है।

इधर पुलिस इस बात की जांच में जुट गई है कि क्लासरूम में नाबालिगों का ‘विवाह’ किसने कराया था। आंध्र प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष वैष्णवी पदमा ने बताया कि ‘दूल्हा’ व ‘दुल्हन’ इंटरमीडिएट के छात्र हैं और दोनों साथ पढ़ते हैं। आयोग नाबालिग लड़की को शेल्टर मुहैया कराएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नाबालिग लड़के की उम्र 17 साल के करीब हैं वो क्लास में अपने साथ ‘मंगलसूत्र’ लाया था और क्लासरूप में लड़की के गले में बाध दिया। इसके बाद उसने लड़की को सिंदूर लगाया और दोनों ने तस्वीरें लीं। पूरे घटना को एक अन्य नाबालिग लड़की ने कैमरे में कैद किया और दोस्तों के बीच शेयर कर दिया।

इधर कॉलेज प्रशासन को मामले की जानकारी मिलने के बाद दोनों को कॉलेज से जाने के लिए कह दिया गया और ट्रांसफर प्रमाणपत्र दे दिया। आयोग की चीफ पदमा ने बताया कि लड़की के परिजनों ने उसे घर में रखने रखने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसे काउंसलिंग के लिए सेंटर में शिफ्ट किया गया। महिला आयोग के सदस्यों ने लड़के परिजनों से बात कर उसकी भी काउंसलिंग कराने की अपील की।

इसी बीच राजमहेन्द्रवरम पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों नाबालिगों के बयान दर्ज किए जाएंगे। दोनों के परिजनों और कॉलेज दोस्तों से भी बात की जाएगी।