भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को आंध्र प्रदेश में असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है। अमित शाह कर्नाटक विधानसभा का चुनाव प्रचार निपटा कर गुरुवार (10 मई) को काफिले के साथ भगवान वेंकेटेश्वर का दर्शन करने तिरुपित गए थे। वह शुक्रवार (11 मई) सुबह को मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद तिरुमला हिल्स से रेनिनगुंटा एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए थे। अल्पीरी (तिरुपति) में तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के कार्यकर्ता उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, टीडीपी के उत्तेजित कार्यकर्ताओं ने अमित शाह के काफिले में शामिल एक वाहन पर पत्थरबाजी कर दी। प्रदर्शनकारी नारेबाजी भी कर रहे थे। आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ टीडीपी केंद्र सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए पहले सरकार और बाद में NDA से ही अलग हो गई थी। टीडीपी तेलंगाना के अलग होने के बाद से ही आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग कर रही है, लेकिन मोदी सरकार ने इस मांग को मानने से इनकार कर दिया। केंद्र ने स्पेशल पैकेज देने की बात कही थी, लेकिन वित्त आयोग की सिफारिशों का हवाला देते हुए विशेष राज्य का दर्जा देने में असमर्थता जताई थी। इसके बाद से ही भाजपा और टीडीपी के बीच तल्खी बढ़ गई।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कार्यकर्ताओं को दी चेतावनी: तिरुपति में भाजपा अध्यक्ष के काफिले पर पत्थरबाज की घटना पर आंध्र के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। जानकारी के मुताबिक, सीएम नायडू पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर रहे थे, जब उन्हें घटना के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी आलोचना की है। साथ ही चेतावनी भी दी कि इस तरह की अनुशासनहीनता को कतई बरदास्त नहीं किया जाएगा। सीएम नायडू ने कहा, ‘इस तरह की अनुशासनहीन हरकत कर पार्टी को बदनाम न करें। हर किसी को अनुशासन में रहते हुए व्यवहार करना चाहिए। हमारे न्यायपूर्ण संघर्ष में टकराव और तनाव का कोई स्थान नहीं है।’ उपमुख्यमंत्री और राज्य के गृह मंत्री एन. चिना राजप्पा ने बताया कि कुछ अज्ञात उपद्रवियों ने काफिले में शामिल एक वाहन पर पत्थर फेंका था। उन्होंने कहा, ‘अमित शाह की कार पर पत्थरबाजी नहीं की गई थी। उनके पीछे आ रहे एक वाहन पर पत्थर फेंका गया था। हमें अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि कुछ उपद्रवियों ने टीडीपी कार्यकर्ता बनकर इस घटना को अंजाम तो नहीं दिया है।’ तिरुपति (नगर) के पुलिस अधीक्षक अभिषेक मोहंती ने बताया कि भाजपा नेताओं ने हमले को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सभी तथ्यों की छानबीन कर रही है।