मौसम विभाग ने चेतावनी जारी कर कहा है कि पुडुचेरी और तमिलनाडु में अगले 48 घंटे के भीतर गंभीर चक्रवात दस्तक दे सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सुझाव दिया है कि मछुआरे 13 से 15 नवंबर तक तमिलनाडु के उत्तरी हिस्से, पुडुचेरी, दक्षिणी आंध्र पदेश के किनारे मछली पकड़ने के लिए नहीं जाएं। मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि जो गहरे समुद्र में मछली पकड़ने के लिए पहुंचे हैं जल्द ही वापस लौट आएं, इसमें खतरा हो सकता है। दूसरी तरफ किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए 30,000 बचावकर्मियों को तैनात किया गया है।

दरअसल बंगाल की खाड़ी में गहरे दबाव का क्षेत्र बनने से चक्रवाती तूफान मजबूत हो गया और इसके 15 नवंबर को कुड्डालोर और श्रीहरिकोटा के बीच उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्र प्रदेश तट से गुजरने की संभावना है। मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में कहा है कि ‘गाजा’ नाम का चक्रवात चेन्नई के उत्तरपूर्व में करीब 860 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद है और वह 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। उसके अगले 24 घंटे के भीतर ‘गंभीर चक्रवात तूफान’ में तब्दील होने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के ऊपर करीब 80-90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

पत्रकारों से बात करते हुए क्षेत्रीय चक्रवात चेतावनी केन्द्र के निदेशक एस बालचंद्रन ने कहा कि उत्तरी तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में 14 नवंबर की रात को औसत जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर को कई जगहों पर औसत बारिश जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। मछुआरों को 12 नवंबर से समुद्र में मछली पकड़ने के लिए नहीं जाने की सलाह दी गई है और जो समुद्र में मौजूद हैं उन्हें वापस लौटने को कहा गया है। भारतीय मौसम विभाग ने हालांकि कहा कि चक्रवात के 15 नवंबर को उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों को पार करते हुए धीरे धीरे कमजोर होने की संभावना है।

Live Blog

13:21 (IST)13 Nov 2018
15 नवबंर को तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावनाएं: IMD

भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि तमिलनाडु के अलग-अलग स्थानों पर बीस सेंटीमीटर या इससे ज्यादा बारिश होने की संभावनाएं हैं। जिन जगहों पर तेज बारिश की संभावनाएं हैं उनमें कुड्डालोर, नागपट्टिनम, तिरुवरुर, तंजावुर, पुदुक्कोट्टई, तुतीकोरिन और रामनाथपुरम जिला शामिल हैं। इसके अलावा मौसम विभाग ने इन इलाकों में रहने वालों को एहतियात बरतने को कहा है।

12:03 (IST)13 Nov 2018
अगले 24 घंटे में आ सकता है गंभीर चक्रवात

मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में कहा है कि ‘गाजा’ नाम का चक्रवात चेन्नई के उत्तरपूर्व में करीब 860 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद है और वह 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। इसके अगले 24 घंटे के भीतर ‘गंभीर चक्रवात तूफान’ में तब्दील होने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के ऊपर करीब 80-90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

11:07 (IST)13 Nov 2018
तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी जारी

दक्षिणी राज्य तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। चेतावनी में कहा गया है कि संभावित तौर पर शुरू में बारिश तमिलनाडु के उत्तरी तटीय इलाकों में आ सकती है। जबकि दक्षिणी तमिलनाडु के जिलों में 14 नवंबर की शाम से बारिश आ सकती है।