तमिलनाडु में एक दलित व्यक्ति को लोगों द्वारा चोरी के आरोप में आंख पर पट्टी बांध कर पीटे जाने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने चार लोगों पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास के तहत आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। ये जानकारी ”पीटीआई” ने दी।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पुष्टि की कि यह घटना बुधवार को राज्य के तंजावुर जिले में हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित एक 24 वर्षीय मजदूर है। उसे आंखों पर पट्टी बांधकर चार लोगों ने पीटा जबकि एक व्यक्ति ने घटना का वीडियो शूट किया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
Indianexpress.com से बात करते हुए, तंजावुर ग्रामीण के डीएसपी जी आनंद ने कहा कि आरोपियों और मजदूर के बीच विवाद था। हम घटना के सही कारण को नहीं जानते हैं। हम अभी भी इस मुद्दे की जांच कर रहे हैं। पीड़ित का तंजावुर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गुरुवार को वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक की आंखों पर पट्टी बांध दो लोगों द्वारा पीटा जा रहा है। पीड़ित छोड़ने के लिए इन लोगों से गुहार लगा रहा है लेकिन वे उसे बेंत से मारना जारी रखते हैं।
पीड़ित के बेहोश होने के बाद भी आरोपी उसकी पिटाई करते रहते हैं। सोशल मीडिया पर भी दावा किया जा रहा है कि पीड़ित एक दलित है और हमलावर उच्च जाति के हैं। हालांकि सूत्रों ने कहा कि सभी लोग एक ही समुदाय के हैं।