महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट की तरफ से नोटिस जारी किया गया है। बता दें, देवेंद्र फडणवीस पर आपराधिक मामलों का खुलासा नहीं करने का आरोप लगा है। सतीश उके जो मुंबई के रहने वाले हैं उन्होंने ये याचिका दायर की है। सतीश उके ने चुनाव को निरस्त करने की मांग की है।
फडणवीस पर क्या हैं आरोप –
याचिकाकर्ता ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर आरोप लगाया है कि उन्होंने साल 2014 विधानसभा चुनावों के आयोग में दाखिल हलफनामों में अपने खिलाफ दर्ज दो आपराधिक मामलों को नहीं बताया था। इससे पहले सतीश उके की याचिका बॉम्बे हाईकोर्ट में खारिज हो चुकी है। वहीं अब सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई और जस्टिस एसके कौल और केएम जोसेफ की खंडपीठ ने बॉम्बे उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ दायर याचिका पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से जवाब मांगा है।
याचिकाकर्ता का आरोप है कि साल 1996, 1998 में देवेंद्र फडणवीस पर ये मामले दर्ज हुए थे। सतीश उके का कहना है कि 2009 और 2014 में नागपुर के दक्षिण पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से नामांकन भरते समय मुख्यमंत्री फडणवीस ने अपने खिलाफ लंबित दो आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाई थी।
बता दें, इस तरह की घटना पीपुल्स एक्ट, 1951 के 125-ए का स्पष्ट उल्लंघन होता है। याचिकाकर्ता का कहना है कि 1996 और 1998 में फडणवीस के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के दो मामले दर्ज किए गए थे।

