गुजरात के खेड़ा में नवरात्रि महोत्सव के दौरान गरबा में पत्थरबाजी के कारण तनाव का माहौल पैदा हो गया। इस पत्थरबाजी में 6 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि एक समूह के लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। पूछताछ के लिए पुलिस ने 10-11 लोगों को हिरासत में लिया है।
सोमवार (3 अक्टूबर, 2022) को खेड़ा के उंधेला में नवरात्री महोत्सव के दौरान एक समूह के कुछ लोगों ने पत्थरबाजी की, जिस कारण वहां माहौल में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। इस घटना में 6 लोग घायल हो गए हैं। खेड़ा के डीएसपी ने बताया कि जिस समूह ने पत्थरबाजी की उसको आरिफ और जहीर नाम के दो शख्स चलाते हैं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गांव के मुखिया ने नवरात्रि महोत्सव के दौरान गरबा का आयोजन किया था। यह आयोजन गांव के बीचों बीच एक मंदिर के पास किया गया था। इसके पास ही एक मस्जिद भी मौजूद है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। इस दौरान दूसरे समुदाय के कुछ लोग वहां पहुंचे और लोगों से कार्यक्रम को रोकने के लिए कहा। इसके बाद अधिकारियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलने पर खेड़ा जिले के डीएसपी राजेश गढिया और जिले की स्थानीय क्राइम ब्रांच टीम मौके पर पहुंच गई। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। इसके साथ ही कल रात की घटना के बाद से गांव का माहौल बिगड़ गया है, इसके चलते पुलिस तैनात कर दी गई है और दोबारा तनाव की स्थिति पैदा ना हो इसलिए आवश्यक इंतेजाम किए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान 150 से 200 लोग मौजूद थे। नादियाड के डीएसपी वीआर बाजपई ने बताया कि गांव के सरपंच ने 43 लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। 10-11 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
इससे पहले वडोदरा में भी गरबा के दौरान इस तरह की घटना सामने आई थी। यहां दो गुट आपस में भिड़ गए, जिसके बाद तनाव का माहौल पैदा हो गया। यह घटना सावली की है, जहां दो गुटों के लोगों ने एक दूसरे पर पत्थरबाजी की। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया और इलाके में भारी पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया।