लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद आजमगढ़ के नव-निर्वाचित सांसद और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार (3 जून) को अपने संसदीय क्षेत्र में जनसभा की। उन्होंने कहा कि बीजेपी चुनाव जीतने में इसलिए कामयाब रही, क्योंकि उनके पास लोगों की सोच बदलने की ताकत है। अखिलेश ने बीजेपी प्रत्याशी और भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ के खिलाफ जीत दिलाने के लिए लोगों को शुक्रिया कहा। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से 2022 विधानसभा चुनाव और अगले लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी में जुटने की बात कही।
उन लोगों ने हमारी सोच बदल दी: अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘मैं एक लेख पढ़ रहा था, जिसमें पत्रकार ने लिखा था कि ये लोग खुश क्यों हैं? जो खुश हैं, वे क्यों हैं? लोकसभा चुनाव में फरारी और साइकल के बीच रेस थी। सभी जानते हैं कि फरारी जीतेगी, साइकल नहीं। आप मुझे बताएं कि रोज टीवी पर कौन आता था? वे हमारे दिमाग में बस गए। हमारे मोबाइल फोन के रास्ते उन्होंने हमारी सोच बदल दी। समाजवादियों, मुख्य रूप से किसानों और गरीबों को यह समझना चाहिए कि यह एक अलग तरह की लड़ाई है। जिस दिन आप इस लड़ाई को समझ जाओगे, आप जीत जाओगे।’’ इस दौरान अखिलेश यादव ने सपा और बसपा के अलावा उन लोगों को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने दोनों राजनीतिक दलों को वोट दिया।
National Hindi News, 04 June 2019 LIVE Updates: दिनभर की खबरें जानने के लिए यहां क्लिक करें
आपके हर वोट से मिला सम्मान: अखिलेश यादव बोले, ‘‘आप लोगों ने जो सम्मान दिया है, वह सम्मान हर एक वोट के साथ आया है। आप सभी ने इसके लिए मतदान किया। काफी लोगों, माताओं और बहनों ने हमारी मदद की। यहां तक कि जिन लोगों ने रोज़ा रखा हुआ था, वे भी गर्मी से जूझने के बावजूद लाइन में लगे और साइकल व हाथी का बटन दबाया। मैं नहीं जानता कि आपको कितने दिन तक कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। आपने अपना पसीना और खून दिया है। साथ ही, अन्याय के खिलाफ लड़ाई भी की है।’’
सपा-बसपा कार्यकर्ताओं को दिया धन्यवाद: अखिलेश यादव ने सपा-बसपा कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बड़े सपने देखने की अपील की। अखिलेश ने कहा कि अगर वे विधानसभा चुनाव 2022 और लोकसभा चुनाव 2024 जीतने के लिए काम करेंगे, तभी सफलता मिल सकती है।
विकास के नाम पर बीजेपी को घेरा: अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘हम चुनाव हार गए हैं, लेकिन मैं अब भी अपने प्रतिद्वंद्वियों से कहता हूं कि अपने द्वारा और समाजवादियों द्वारा कराए गए विकास कार्य की तुलना कर लें। वे हमारे सामने कहीं नहीं टिकते। वे कई दूसरे कारणों से चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने कहा कि हमारा गठबंधन मुस्लिम, यादवों और दलितों का गठजोड़ है। हम इन लोगों के लिए लड़ना चाहते थे, लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके। हम लोगों को समझाना चाहते थे, लेकिन हम इसमें भी सफल नहीं हुए।’’
सपा कार्यकर्ताओं की हत्या पर कही यह बात: जौनपुर और गाजीपुर में सपा कार्यकर्ताओं की हत्या को लेकर अखिलेश ने कहा कि वहां अन्याय हो रहा है। आप मुझे बताएं कि जौनपुर में समाजवादी की क्या गलती थी, जो उसे गोली मार दी गई? गाजीपुर में कार्यकर्ता ने ऐसा क्या कर दिया था, जो उसकी हत्या हो गई? बता दें कि मंगलवार (4 जून) को अखिलेश यादव गाजीपुर जाएंगे और सपा कार्यकर्ता विजय यादव के परिजनों से मुलाकात करेंगे।