हरियाणा विधानसभा के कड़े चुनावी मुकाबले में भाजपा हुकूमत को चलता कर सत्ता में वापसी का दम भर रही कांग्रेस के पक्ष में हवा बनाने के लिए पार्टी के स्टार प्रचारकों की फौज जल्दी ही जोर आजमाइश करेगी। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सूबे के अलग अलग इलाकों में कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। पार्टी शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों व अन्य वरिष्ठ नेताओं की चुनावी सभाएं भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित की जाएंगी।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी लंबे समय बाद किसी चुनावी जलसे में नजर आएंगी। अपनी खराब सेहत की वजह से उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान खुद को चुनाव प्रचार से दूर रखा। लेकिन अब हरियाणा व महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव में उनकी कई सभाओं के आयोजन की तैयारी है। हरियाणा विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जुड़े पार्टी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष गांधी हरियाणा के अंबाला, सोनीपत तथा महेंद्रगढ़ हलकों में अलग अलग चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगी। इसी प्रकार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की चुनावी सभा तथा रोड शो मेवात व सिरसा के अलग अलग हिस्सों में होंगे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी फरीदाबाद, रोहतक और कुरुक्षेत्र में रोड शो कर पार्टी उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेंगी।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल तथा प्रियंका गांधी की चुनावी सभाओं व रोड शो के आयोजन की तारीख तय की जा रही है। उन्होंने कहा कि एसपीजी सुरक्षा घेरे में आने की वजह से इन तीनों ही कांग्रेस नेताओं के चुनावी कार्यक्रम की घोषणा अगले कुछ दिनों में कर दी जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले सप्ताह ये तीनों नेता हरियाणा के अलग अलग हिस्सों में चुनावी सभाओं व रोड शो में हिस्सा लेंगे।
हाल ही में विदेश यात्रा पर गए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि वे महाराष्टÑ व हरियाणा विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार नहीं करेंगे लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि राहुल दो-तीन दिन में विदेश दौरे से वापस आकर चुनाव प्रचार में कूदेंगे। उन्होंने बताया कि यह बात सच है कि ज्यादा से ज्यादा प्रत्याशी अपने क्षेत्र में प्रियंका गांधी का रोड शो कराना चाहते हैं। लेकिन सुरक्षा मानकों व पार्टी की रणनीति के हिसाब से तीनों नेताओं के कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं।
