Assam: असम से एक बेहद ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के तिनसुकिया जिले में एक शख्स ने अपनी बूढ़ी और लकवाग्रस्त मां को जिंदा ही दफन कर दिया था। इसमें गनीमत यह रही कि आसपास रहने वाले लोगों की उस पर नजर पड़ गई और इसके बाद तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी गई और उसकी बूढ़ी मां को तुरंत बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

दरअसल चाय के बागान में काम करने वाला ग्रैबियल लाकरा अपनी मां के साथ में रहता था। लगभग 10 साल से वह बीमार ही रहती थी और कहीं पर आ-जा नहीं सकती थीं। सोमवार की शाम को ग्रैबियल अपनी मां बुधनी लाकरा को लेकर घर के पीछे की तरफ जा रहा था। आसपास रहने वाले लोगों की उस पर नजर पड़ी तो उनको पहले तो शक हुआ और फिर उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद जब वह लोग उसके घर के पीछे पहुंचे तो देखकर चौंक गए। वहां पर एक काफी बड़ा गड्ढा खोदा गया था।

ग्रैबियल ने अपनी मां को गड्ढे में दफन किया

ग्रैबियल उस गड्ढे में अपनी मां को लगभग दफन कर ही चुका था। लोगों ने जल्दी-जल्दी उन्हें बाहर निकाला। जब लोगों ने उसकी मां को बाहर निकाला तो उसकी सांसे चल रही थीं। बाद में उन सभी लोगों ने महिला को अस्पताल में इलाज के लिए एडमिट करवाया। मामले में पुलिस के कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस मामले में और ज्यादा जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है। वैसे इस घटना के बारे में कुछ साफ-साफ नहीं बताया गया है।

बूढ़ी मां की बीमारी से परेशान था बेटा

आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि ग्रैबियल की मां काफी दिनों से बीमार ही रहती थी और वह इलाज करवाते-करवाते थक गया था। इसी वजह से वह अपनी मां से छुटकारा पाना चाहता था। लोगों की सतर्कता की वजह से वह पकड़ा गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ग्रैबियल की मां की हालत काफी नाजुक बनी हुई है और उन्हें लाइफ सपोर्ट पर रखा हुआ है।