Pulwama Attack: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी झूठ बोलने के आदी हैं और उनकी पार्टी आरोप लगाने की राजनीति में जुटी हुई है।’’ इस दौरान उन्होंने महागठबंधन पर भी निशाना साधा और कहा कि ये लोग सिर्फ सत्ता के लालच में एक साथ आ रहे हैं। देश के विकास को लेकर उनका कोई प्लान नहीं है।

शिवराज ने लगाया यह आरोप : शिवराज चौहान ने राफेल डील में भ्रष्टाचार के राहुल गांधी के आरोपों का हवाला देते हुए कहा, ‘‘मैं मानता हूं कि राहुल गांधी देश के सबसे बड़े झूठे हैं। उन्होंने एक, दो या तीन बार झूठ नहीं बोला। वे रोजाना झूठ बोलते हैं। वह मलेरिया की तरह ‘राफिया’ के शिकार हो चुके हैं। पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद देश एकजुट हो रहा है और कांग्रेस गंदी राजनीति कर रही है।’’

कांग्रेस ने उठाया था यह सवाल : पुलवामा हमले में कांग्रेस ने इंटेलिजेंस सिस्टम के फेल होने पर सवाल उठाया था। साथ ही, पूछा था कि कैसे एक आत्मघाती हमलावर इतनी भारी मात्रा में विस्फोटक लेकर हमला करने में कामयाब हो गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि 14 फरवरी को पुलवामा हमले के बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिल्म शूटिंग में व्यस्त थे। हालांकि, केंद्र सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया था। गौरतलब है कि 14 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट गए थे। उस दिन दोपहर 3:10 बजे पुलवामा में आतंकी हमला हुआ था। ऐसे में कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि पीएम मोदी हमले की जानकारी मिलने के बाद भी शूटिंग में व्यस्त रहे।

महागठबंधन पर भी साधा निशाना : अपने भाषण के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने महागठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह एकता सिर्फ एक मकसद के लिए है। वे देश के विकास के बारे में नहीं सोच रहे हैं। उनका एकमात्र एजेंडा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करना है।