पंजाब के मोगा जिले में शिवसेना के एक नेता की गुरुवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि यह व्यक्तिगत रंजिश का नतीजा है। पुलिस ने बताया कि शिवसेना पार्टी के मोगा जिले के अध्यक्ष 53 वर्षीय मंगत राय उर्फ ​​मंगा कुछ सामान खरीदने के लिए बघियाना बस्ती इलाके में अपने घर से बाहर निकले थे। तभी बाइक सवार तीन लोगों ने उन पर कथित तौर पर गोलियां चला दीं।

पुलिस का बयान आया सामने

मंगत राय को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि इलाके से गुजर रहा 11 वर्षीय बच्चा भी गोलीबारी में घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मोगा पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मंगत राय का हाल ही में स्थानीय प्रतिद्वंद्वियों के एक गुट के साथ झगड़ा हुआ था और गोलीबारी उसी घटना का नतीजा लग रही है।

मोगा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गांधी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि इसमें कोई टार्गेटेड हत्या या आतंकी एंगल नहीं है। अजय गांधी ने कहा, “यह व्यक्तिगत रंजिश का मामला है। मृतक के परिवार द्वारा नामित छह संदिग्धों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मोगा सिटी साउथ पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।”

विपश्यना के बहाने 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गए केजरीवाल? दिल्ली में हार के बाद डैमेज कंट्रोल मोड में AAP

परिवार न्याय की कर रहा मांग

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जैसे ही हमलावरों ने शिवसेना नेता पर गोली चलाई, तुरंत वह अपनी दोपहिया वाहन से भागने लगे। लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और उन पर फायरिंग करते रहे। इस दौरान ही उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। शिवसेना नेता की बेटी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि गुरुवार रात करीब 8 बजे वह दूध लेने घर से निकले थे, लेकिन रात 11 बजे किसी ने घर जाकर जानकारी दी कि उनके पिता को गोली मार दी गई है। परिवार न्याय की मांग कर रहा है।

आनन फानन में शिवसेना नेता को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। वहीं हमलावर अभी भी फरार हैं और उनको पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना से स्थानीय लोग भी गुस्से में हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। वहीं विपक्षी दल भी भगवंत मान सरकार पर हमलावर हैं।