उत्तर प्रदेश के शामली में हवन की राख विसर्जित करने के बाद नहाने गए युवक को बचाने में छह अन्य युवक डूब गए। यह घटना रविवार (15 सितंबर) की है। पुलिस ने यह जानकारी दी है। रिपोर्ट्स के आधार पर उनकी मौत यमुना नदी में हवन की राख को विसर्जित करते समय हुई है। हादसे के बाद सीएम योगी ने दुख व्यक्त करते हुए दो दो लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान भी किया है। वहां मौजूद लोगों ने उन लोगों को बचाने की कोशिश भी की लेकिन वे केवल एक को ही बचा पाए। पुलिस डूबे हुए युवकों के तलाश में जुटी है।
क्या है पूरा मामलाः पुलिस के अनुसार कैराना के मलकपुर गांव के गोगा म्हाड़ी में शनिवार (14 सितंबर) की रात को एक जागरण का आयोजन किया गया था। आयोजित जागरण के हवन की राख को यमुना नदी में विसर्जित करने के लिए युवक गए थे। राख को विसर्जित करने के बाद एक युवक वहां नहाने लगा और वह उसमें डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके साथी गए और वे भी डूबने लगे। इस बीच वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वे केवल एक को ही बचा पाए।
National Hindi News, 16 September 2019 Top Updates LIVE: दिन भर की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पुलिस ने मृतकों की पहचान कीः पुलिस ने मृतकों की पहचान की है। पुलिस ने कहा कि तीन युवकों के शवों को बाहर निकाल लिया गया। उनकी पहचान महेश, रोबिन और शुभम के रुप में हुई है। वहीं शेष तीन के शवों की तलाश जारी है। बता दें कि हादसे में एक युवक अजय की जान बच गई है।
सभी मृतकों की आयु लगभग 20 वर्षः जिला मजिस्ट्रेट अखिलेश सिंह ने कहा कि शामली जिले के कैराना में सात युवक नदी में नहाने गए थे, इस दौरान जोरदार लहरें उन्हें बहाकर ले गईं। बताया जा रहा है कि सभी मृतकों की आयु लगभग 20 वर्ष है। इस बीच पुलिस ने कहा कि 50 गोताखोर शवों की तलाश में जुटे हुए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने यमुना नदी में डूबे युवकों के परिवारों को दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।