असम में इलाज के नाम पर महिलाओं को किस करने और गले लगाने वाला ढोंगी बाबा राम प्रकाश चौहान गिरफ्तार कर लिया गया है। असम के मोरीगांव जिले में पुलिस ने बुधवार को राम प्रकाश को गिरफ्तार किया है। स्थानीय लोगों के बीच स्वयंभू बाबा राम प्रकाश अपने ‘चमत्कारी चुंबन’ के लिए ‘किसिंग बाबा’ के नाम से जाना जाता था।
चौहान ने तीन महीने पहले भोरतालुप गांव में एक मंदिर का निर्माण किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह महिलाओं की शारीरिक और मानसिक समस्याओं को हल करने के नाम पर उन्हें किस करता था। चौहान का दावा है कि महिलाओं की समस्याओं के समाधान करने के लिए उसके पास सुपरनेचुरल पावर्स हैं। मोरीगांव पुलिस के हेड जे बोरा ने स्वयंभू बाबा की गिरफ्तारी पर कहा, ‘हमें शिकायत मिली कि वह थैरेपी के नाम पर महिलाओं को किस करता है और गले लगाता है, उसके बाद हमने उसे गिरफ्तार कर लिया। वह अपने समर्थकों का, विशेषकर महिलाओं का उत्पीड़न कर रहा था।’
पुलिस ने राम प्रकाश के अलावा उसकी मां को भी गिरफ्तार कर लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उसकी मां अपने बेटे की मदद करने के लिए लोगों में यह फैलाती थी कि उसके बेटे के पास विशेष शक्तियां हैं, जिससे लोगों की पीड़ाएं समाप्त हो सकती हैं और उसे ये शक्तियां भगवान विष्णु से मिली हैं और जैसे ही वह किसी पीड़ित महिला को किस करेगा उसकी परेशानियां खत्म हो जाएंगी।
सोशल मीडिया पर भी राम प्रकाश चौहान का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वह लोगों की परेशानियों की समस्या को खत्म करने के नाम पर महिला को किस करता हुआ दिख रहा है। बता दें कि असम के मोरीगांव जिले में साक्षरता दर बेहद कम है। यहां बहुत से ‘ओझा’ बहुत सालों से काले जादू का अभ्यास भी कर रहे हैं। मोरीगांव जिले में बहुत से स्वयंभू बाबा हैं। इनमें से बहुतों का दावा है कि उन्हें भगवान विष्णु से शक्ति मिली है।