उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की बिरहा गायिका सरोज सरगम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सरोज सरगम ने यूट्यूब वीडियो में मां दुर्गा के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। मिर्जापुर पुलिस ने सरोज के पति को भी गिरफ्तार किया है। मिर्जापुर के पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने बताया कि 19 सितंबर को सरोज सरगम ने यूट्यूब पर एक वीडियो अपलोड किया था। इसमें मां दुर्गा को लेकर अपशब्दों का प्रयोग किया गया था।
संतों ने की थी गिरफ्तारी की मांग
इस मामले को लेकर मड़िहान थाने में संतोष कुमार राय की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने कार्यवाही करते हुए मंगलवार यानी 23 सितंबर को सरोज सरगम और उनके पति राममिलन बिंद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गायिका का पति भी आपत्तिजनक वीडियो का निर्माण और संपादन करता था। उन्होंने बताया कि संत और बड़ेनाथ मंदिर के महंत डॉक्टर योगानंद गिरी ने वीडियो वायरल होने के बाद सरोज सरगम की गिरफ्तारी की मांग की थी।
संत ने धमकी देते कि अगर सरोज सरगम को गिरफ्तार नहीं किया गया तो जूना अखाड़े के संत सड़कों पर उतर आएंगे। सोशल मीडिया पर भी मामला काफी सुर्खियों में छाया था और लोग सरोज सरगम की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
धर्म परिवर्तन अवैध तो दंपति को शादीशुदा नहीं माना जा सकताः इलाहाबाद हाईकोर्ट
कौन है सरोज सरगम?
सरोज सरगम मड़िहान थाना क्षेत्र के गढ़वा गांव की निवासी हैं। उन्होंने अपने चैनल पर करीब 40 वीडियो अपलोड किए हैं। यूट्यूब पर उनके 60 हजार से अधिक सब्सक्राइबर हैं। इस मामले की जांच फॉरेंसिक टीम भी कर रही है और कार्यवाही की जा रही है। इस बीच सरोज सरगम पर वन विभाग की 15 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
सरोज सरगम के खिलाफ अब तक आठ मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। मध्य प्रदेश में भी उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। केवल सरोज सरगम और उनके पति से ही नहीं, बल्कि उनके घर वालों से भी पुलिस पूछताछ की जा रही है।