नीतीश कुमार ने गुरुवार को 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह हुआ जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और एनडीए के बड़े नेता शामिल रहे।
इस सरकार में 26 मंत्रियों ने भी शपथ ली है। इसमें 14 बीजेपी के, 8 जदयू के, दो लोजपा (रामविलास) के और एक-एक मंत्री हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेकुलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा का है।
एक दिलचस्प नाम जो मंत्रिमंडल की लिस्ट से सामने आया है, वह संजय कुमार सिंह का है। आइए, आपको बताते हैं कि संजय कुमार सिंह कौन हैं।
नीतीश के शपथ लेते ही आया तेजस्वी यादव का पहला रिएक्शन
संजय कुमार सिंह विधानसभा चुनाव 2025 में महुआ की सीट से चुनाव जीते हैं। बिहार में विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान महुआ सीट बेहद चर्चित रही थी क्योंकि तेज प्रताप यादव यहां से चुनाव लड़ रहे थे। संजय कुमार सिंह को चिराग पासवान के करीबियों में से एक माना जाता है।
44,997 वोटों से जीते संजय
संजय कुमार सिंह को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए 87641 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर राजद के उम्मीदवार मुकेश कुमार रोशन रहे थे। रोशन को 42644 वोट मिले थे जबकि तेज प्रताप यादव ने इस सीट पर पूरे जोर-शोर के साथ चुनाव लड़ा था और उन्हें 35703 वोट मिले थे।
लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप यादव को परिवार और पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। तेज प्रताप यादव की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर एक युवती के साथ वायरल हुई थी जिसके बाद लालू प्रसाद यादव ने यह एक्शन लिया था। इसके बाद तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल का गठन किया और बिहार में 43 सीटों पर अपनी पार्टी के उम्मीदवार उतारे हालांकि तेज प्रताप यादव को ना तो खुद कामयाबी मिली और ना ही उनकी पार्टी के किसी उम्मीदवार को जीत मिली।
कई राज्यों में ‘महिला सम्मान’ मॉडल हुआ मजबूत, चुनावी राजनीति पर दिख रहा सीधा असर
संजय कुमार सिंह की पत्नी का नाम अलका सिंह है। उनके तीन बच्चे हैं। चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे में संजय कुमार सिंह ने कहा था कि उनके खिलाफ कुछ आपराधिक मामले लंबित हैं। संजय कुमार सिंह मूल रूप से महुआ के ही रहने वाले हैं।
लोजपा (रामविलास) कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
संजय कुमार सिंह पहली बार विधायक बने हैं और पहली बार में राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री बन गए। संजय कुमार सिंह के मंत्री बनने के बाद महुआ में लोजपा (रामविलास) के कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। उन्हें एनडीए में शामिल तमाम दलों के नेताओं ने मंत्री बनने पर बधाई दी है। उनके समर्थकों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान का आभार व्यक्त किया है।
पिछली बार हार गए थे संजय
साल 2020 में अविभाजित लोजपा (रामविलास) ने एनडीए से अलग हटकर चुनाव लड़ा था। तब भी संजय कुमार सिंह महुआ की सीट से चुनाव लड़े थे लेकिन तब उन्हें हार मिली थी। इस बार उन्हें कामयाबी मिली और नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री बनने में भी कामयाब रहे।
कौन हैं जमाँ खान, 90 फीसदी हिन्दू आबादी से लगातार दो बार बने हैं विधायक और मंत्री
