Mulayam Singh Yadav Health Update: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की हालत अभी भी गंभीर है और वह जीवन रक्षक दवाओं पर हैं। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ने उनका हेल्थ अपडेट देते हुए कहा कि विशेषज्ञों की एक टीम द्वारा आईसीयू में उनका इलाज किया जा रहा है।

मुलायम सिंह यादव की तबीयत रविवार (2 अक्टूबर, 2022) को अचानक बिगड़ गई थी। जिसके बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां डॉक्टर सुशीला कटारिया के देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। इस बीच मुलायम सिंह यादव की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। उन्हें दूसरी बार क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में शिफ्ट किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

मंगलवार रात 11 बजे के बाद से उनकी तबीयत ज्‍यादा खराब हो गई है। इससे पहले मुलायम सिंह यादव को मंगलवार सुबह क्रिटिकल केयर यूनिट से आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। इस दौरान डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई थी।

अस्पताल के अंदर जाना संभव नहीं: सपा ने सोमवार को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा था, “आदरणीय नेताजी गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल की क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती हैं, उनकी हालत स्थिर है। नेताजी से मिलना एवं अस्पताल के अंदर जाना संभव नहीं है इसलिए आप सभी से विनम्र निवेदन है कि कृपया अस्पताल ना आएं। नेताजी के स्वास्थ्य की जानकारी समय समय पर दी जाती रहेगी।”

शिवपाल यादव अस्पताल पहुंचे थे: मुलायम सिंह यादव को देखने के लिए मंगलवार को उनके भाई शिवपाल यादव अस्पताल पहुंचे थे। वहीं बेटे अखिलेश यादव, बहू डिंपल यादव पहले दिन से अस्पताल में ही मौजूद हैं। वहीं, पीएम मोदी ने अखिलेश यादव को आश्वासन दिया कि वह हर संभव मदद और सहायता देने के लिए मौजूद हैं। यूपी के सीएम योगी ने अस्पताल में डॉक्टरों से सपा संरक्षक मुलायम सिंह को बेहतरीन इलाज मुहैया कराने ने लिए कहा था।

82 वर्षीय मुलायम सिंह यादव की तबीयत काफी समय से खराब चल रही है। पिछले चार दिनों से वह वेंटिलेटर पर हैं। मुलायम सिंह यूरिन इन्फेक्शन से पीड़ित हैं। उन्हें एक महीने पहले भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जब उनका ऑक्सिजन लेवल कम हो गया था और ब्लड प्रेशर भी बढ़ गया था। ऑक्सिजन लेवल कम होने और ब्लड प्रेशर बढ़ने पर उन्हें ICU में शिफ्ट किया गया था। उनकी डायलिसिस भी हुई है। मेदान्ता अस्पताल में डॉक्टर लगातार पूर्व मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।