शुक्रवार दोपहर चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न का ऐलान किए जाने के बाद से यूपी वेस्ट की राजनीति करवट लेने लगी है। अब खबर ये है कि यूपी वेस्ट की पार्टी रालोद के विधायक रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाएंगे।

न्यूज एजेंसी PTI / भाषा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यूपी सरकार द्वारा विधानमंडल के सभी सदस्यों को भगवान राम के दर्शन के लिए अयोध्या में आमंत्रित किये जाने के निमंत्रण को मंजूर करते हुए RLD के अधिकतर विधायकों ने 11 फरवरी को अयोध्या जाने का फैसला किया है।

उत्‍तर प्रदेश विधानसभा में RLD विधायक दल के नेता राजपाल सिंह बालियान ने PTI को बताया कि उनकी पार्टी के अधिकतर विधायक नवनिर्मित राम मंदिर में रामलला के दर्शन के लिए 11 फरवरी को अयोध्या जाएंगे।

इन विधायकों के अयोध्या जाने पर संशय

हालांकि रालोद सूत्रों ने बताया कि दो विधायक मदन भैया (खतौली-मुजफ्फरनगर) और चंदन चौहान (मीरापुर-मुजफ्फरनगर) शायद अयोध्या नहीं जाएंगे। इसकी वजह उनके कुछ अन्य प्रोग्राम बताए जा रहे हैं।

RLD सूत्रों ने कहा कि पार्टी विधायक गुलाम मोहम्मद (सिवालखास-मेरठ) और अशरफ अली खान (थाना भवन-शामली) अयोध्या जाएंगे या नहीं, यह अभी भी स्पष्ट नहीं है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने रविवार को अयोध्या जाने के निमंत्रण को पहले ही अस्वीकार कर दिया है।