राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार को अपने X हैंडल पर कुछ ऐसा कहा जिसे लेकर मीडिया में चर्चा शुरू हो गई।
कुशवाहा ने कहा, ‘कभी-कभी बड़ों के द्वारा कही गई बातों को याद करना चाहिए। आज न जाने क्यों बड़े भाई नीतीश कुमार की एक पुरानी बात याद आ गई। सोचा आपसे भी शेयर करुं। कभी नीतीश जी ने कहा था – खाना खाते वक्त मक्खियां भन-भनाएंगी। चिंता मत कीजिए। बायें हाथ से भगाते रहिए। दाहिने से खाते रहिए।’
कुशवाहा के बयान के बाद सवाल उठने लगा कि आखिर उन्होंने यह बात क्यों कही है?
थोड़ा सा ध्यान दें तो पूरी बात समझ में आ जाती है। विपक्ष सवाल उठा रहा है कि उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को बिना विधायक या एमएलसी बने ही नीतीश कुमार की सरकार में कैबिनेट मंत्री बना दिया गया है। इसे लेकर उपेंद्र कुशवाहा सफाई दे चुके हैं और शायद इस बार भी उन्होंने ऐसा ही किया है।
कौन-सी रणनीति ने बिहार में रातों-रात बदल दी हवा? अंदरूनी ऑपरेशन की पूरी कहानी
हालांकि कुशवाहा ने इस पोस्ट में अपने बेटे का कोई जिक्र नहीं किया लेकिन माना जा रहा है कि उन्होंने दीपक प्रकाश के कैबिनेट मंत्री बनने पर सवाल उठाने वालों को जवाब दिया है। विपक्ष कह रहा है कि उपेंद्र कुशवाहा के बेटे को मंत्री बनाया जाना परिवारवाद है।
पत्नी जीतीं हैं विधानसभा का चुनाव
उपेंद्र कुशवाहा राज्यसभा के सांसद हैं, उनकी पत्नी स्नेहलता इस बार विधानसभा चुनाव में सासाराम से चुनाव जीती हैं। उनके बेटे दीपक प्रकाश को नीतीश सरकार में पंचायती राज विभाग मिला है।
उपेंद्र कुशवाहा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुराने साथी हैं हालांकि बीच में उन्होंने अपनी राहें अलग कर ली थी लेकिन एक बार फिर उनके मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ संबंध बेहतर हो गए हैं।
कुशवाहा ने इस संदेश से विरोधियों को यह मैसेज दिया है कि वे भले ही उनकी कितनी आलोचना कर लें लेकिन वह इसकी परवाह नहीं करते और उन्हें अपने फैसले को लेकर कोई अफसोस नहीं है। कुछ दिन पहले भी उपेंद्र कुशवाहा ने इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी थी और लिखा था कि पार्टी के अस्तित्व और भविष्य को बचाए और बनाए रखने के लिए ऐसा करना बेहद जरूरी था।
बिहार में ‘सुपर फ्लॉप’ साबित हुए राहुल गांधी, 51 उम्मीदवारों के लिए मांगे वोट जीते सिर्फ चार
