बिहार के नवादा जिले में रेप के आरोपियों को पकड़ने गए पुलिसकर्मियों को बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है। इस घटना में 2 पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने गया जिले की 2 लड़कियों को अगवा कर लिया था। साथ ही, उनके साथ रेप किया था। इसकी सूचना मिलते ही 6 पुलिसकर्मी नवादा जिले के एक गांव से आरोपियों को पकड़ने गए थे।
यह है पूरा मामलाः गया पुलिस के वरिष्ठ अफसर राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि गया जिले के एक गांव से 2 लड़कियों को अगवा करने और उनके साथ रेप होने की सूचना मिली थी। यह मामला अटरी पुलिस थाना एरिया के एक गांव का है। उन्होंने बताया कि रेप करने के बाद आरोपियों ने पीड़ित लड़कियों को छोड़ दिया था। जब वे घर पहुंचीं तो मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद गुरुवार को 6 पुलिसकर्मी आरोपियों को पकड़ने के लिए नवादा जिले के एक गांव गए थे।
रास्ते में रोककर पीटा : राजीव मिश्रा के मुताबिक, आरोपियों ने पुलिसवालों को रास्ते में रास्ता रोका और उनके साथ हाथापाई की। इस घटना में सभी पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं, 2 की हालत गंभीर है, जिनमें एक थाना प्रभारी और दूसरा कॉन्स्टेबल है। सूत्रों का कहना है कि वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
फरार हैं सभी आरोपी : मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं, जो जगह-जगह दबिश दे रही हैं। वहीं, घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कराया जा रहा है।