Ram Mandir-Holi: पूरे देश में होली की धूम है। काशी और मथुरा से लेकर प्रभु राम की नगरी अयोध्या तक होली के रंग में रंगी हुई है। जहां काशी में मसाने की होली खेली जा रही है तो वहीं मथुरा में लठ्ठमार होली का लोगों में उत्साह है। लेकिन भगवान राम की नगरी अयोध्या में इस साल रामलला वाली होली दिखाई दे रही है। हर कोई होली के साथ रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के रंग और उत्साह में सरोबार नजर आ रहा है। इसीलिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इस बार होली के लिए खास इंतजाम किए हैं।

भगवान राम की नगरी में होली की धूम मची है। इस बार भगवान रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं। इसकी खुशी रामभक्तों में झलक रही है। रामलला के दरबार से लेकर राम पथ तक तक होली की धूम दिखाई दे रही है। इस मौके पर अयोध्या के संत कहां पीछे रहने वाले हैं। संत समाज अयोध्या पहुंचे राम भक्तों पर फूलों की बरसात कर रहे हैं। साथ ही अबीर गुलाल लगा रहे हैं। होली के गीत गा रहे हैं और भगवान राम के भजन भी गा रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने भेजा हर्बल गुलाल

होली के अवसर पर रामलला की मनमोहक मूर्ति को फूलों से सजाया गया है। उनके मस्तिष्क पर गुलाल लगाया गया है। गुलाबी रंग की पोशाक पहने रामलला की मूर्ति चारों तक अलग ही छटा बिखेर रही है। रविवार को बड़ी संख्या में भक्त रामलला के दरबार पहुंचे और अपने आराध्य के दर्शन पाकर धन्य हुए। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर के लिए और भगवान राम के लिए हर्बल गुलाल भेजा है।

भक्तों की बढ़ रही तादाद

बता दें कि राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को दो महीने का समय पूरा हो चुका है। इसके साथ ही यहां पूजा-अर्चना के लिए आने वाले भक्तों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। 22 जनवरी से लेकर 20 मार्च तक 1 करोड़ 12 लाख भक्तों ने भगवान राम के दर्शन किए हैं। रोजाना मंदिर में एक से सवा लाख रामभक्त दर्शन करने पहुंच रहे हैं। वहीं अयोध्या में आयोजित होने वाले त्योहारों और मंगलवार को यह संख्या और बढ़ जाती है।